अनूपपुर: खेत में जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए लगाए तार की चपेट में आने से युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: खेत में जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए लगाए तार की चपेट में आने से युवक की मौत


अनूपपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की पुलिस चौकी फुनगा अंतर्गत ग्राम पंचायत पाली के धनकुटा स्थित पतेरा टोला और स्कूल टोला के पास शनिवार को जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए खेत में लगाए गए तार में करंट की चपेट में आने से 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, मृतक 35 वर्षीय सम्हारू केवट अपने घर से पड़ोसी के खेत की तरफ चला गया। वहां फसलों की सुरक्षा के लिए लगाए गए झटका तार के संपर्क में आते ही उसे तेज करंट लगा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रारंभिक जांच में युवक की हथेली का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह झुलसा और छिला हुआ पाया गया है। स्थानीय ग्रामीणों का अनुमान है कि बारिश के दौरान कड़की आकाशीय बिजली या 11 केवी लाइन के संपर्क में आने से सुरक्षा तार में हाई वोल्टेज करंट आ गया होगा।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

फुनगा पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और घटनास्थल के निरीक्षण के बाद करंट फैलने के सही कारणों का खुलासा होगा। घटना के बाद से गांव में शोक का माहौल है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story