युवा कांग्रेस ने मनाया 66वां स्थापना दिवस, यश लखन घनघोरिया ने किया ध्वजारोहण

WhatsApp Channel Join Now
युवा कांग्रेस ने मनाया 66वां स्थापना दिवस, यश लखन घनघोरिया ने किया ध्वजारोहण


भोपाल, 09 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल में शिवाजी नगर स्थित प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) परिसर में रविवार को भारतीय युवा कांग्रेस का 66वां स्थापना दिवस मनाया गया। मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया के मुख्य आतिथ्य में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने संगठन का ध्वजारोहण कर युवा कांग्रेस के संघर्ष और गौरवशाली इतिहास को नमन किया।

ध्वजारोहण के बाद यश घनघोरिया ने युवा कांग्रेस के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को सत्यनिष्ठा, ईमानदारी, सामाजिक उत्थान और राष्ट्र निर्माण के लिए कार्य करने की शपथ दिलाई। इस दौरान युवाओं को पूर्ण रोजगार के लक्ष्य को साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संकल्प भी दिलाया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस अध्यक्ष यश लखन घनघोरिया ने कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस का इतिहास संघर्ष, त्याग और राष्ट्र निर्माण से जुड़ा रहा है। बदलते दौर में युवाओं की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति की आवाज बनने और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ पूरी ईमानदारी से संघर्ष करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में युवा कांग्रेस प्रदेश मीडिया चेयरमैन अभिज्ञान शुक्ला, प्रदेश महामंत्री रोहित राजोरिया, अपूर्व जैन, प्रदेश सचिव लोकेन्द्र शर्मा, मोहित सक्सेना, अनिकेत द्विवेदी, धनजी गिरि, सलमान गौरी, भोपाल जिला ग्रामीण अध्यक्ष राहुल मंडलोई, पूर्व ग्रामीण अध्यक्ष गोपिल कोटवाल, एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष रवि परमार, भोपाल एनएसयूआई जिला अध्यक्ष अक्षय तोमर सहित विधानसभा अध्यक्ष, जिला पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story