राजगढ़ः रेल के सामने कूदकर युवक ने की खुदकुशी
राजगढ़, 1 दिसम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में रुठियाई- मक्सी रेल रुट पर करनवास थाना क्षेत्र में रविवार की रात ग्राम भाटखेड़ी रेलवे ब्रिज के समीप पत्नी से विवाद के चलते 25 वर्षीय युवक ने रेल के सामने कूदकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा और मर्ग कायम कर जांच शुरु की।
थाना प्रभारी कर्मवीर सिंह के अनुसार बीती रात ग्राम भाटखेड़ी रेलवे ब्रिज पर खंभा क्रमांक 1212/06 के समीप 25 वर्षीय युवक का क्षत-विक्षप्त हालत में शव मिला, जिसकी पहचान 25 वर्षीय लखन पुत्र रामप्रसाद वर्मा निवासी देहरीकराड़ थाना खुजनेर के रुप में हुई। प्राथमिक जांच में ज्ञात हुआ कि पुराने विवाद के चलते मृतक की पत्नी ने बच्चों को ले जाने के लिए कहा था, जिस पर शाम को लखन अपनी पत्नी से मिलने नापल्याखेड़ी थाना करनवास पहुंचा, जहां दोनों के बीच विवाद हो गया, जिसके बाद युवक बाइक से ग्राम भाटखेड़ी रेलवे ब्रिज के समीप पहुंचा और रेल के सामने कूदकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने सूरज पुत्र राधेश्याम वर्मा की रिपोर्ट पर मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरु की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

