राजगढ़: पेड़ पर युवक का शव मिलने से दहशत, पुलिस जांच शुरू
राजगढ़, 14 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के माचलपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गोघटपुर में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव पेड़ पर लटका हुआ मिला। घटना पेट्रोल पंप के पीछे स्थित पेड़ की बताई जा रही है, जहां ग्रामीणों ने शव को फंदे से लटका देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
थानाप्रभारी आदित्य सोनी के अनुसार, मृतक की पहचान 35 वर्षीय दयाराम पुत्र कनीराम गुर्जर, निवासी डूंगर के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि मृतक नशे का आदी था और अक्सर बिना बताए घर से चला जाया करता था। हालांकि घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।
पुलिस ने प्राथमिक जांच के आधार पर मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

