राजगढ़ः तालाब की पाल से फिसला युवक नाले के भंवर में फंसा,मौके पर मौत
राजगढ़, 10 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खुजनेर थाना क्षेत्र के ग्राम बांसखेड़ा में सोमवार दोपहर तालाब की पाल से पैर फिसलने के बाद पानी की निकासी के लिए बने नाले में गिरने से 40 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
युवक नाले में बने पानी के भंवर में फंस गया। घटना के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया।
थाना प्रभारी रवि ठाकुर के अनुसार ग्राम लाख्या निवासी सूरजसिंह (40) पुत्र मोकसिंह सौंधिया मवेशी चराने के लिए गया था। बताया गया है कि वह बांसखेड़ा स्थित तालाब की पाल पर खड़ा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तालाब से पानी की निकासी के लिए बनाए गए नाले में जा गिरा। नाले में तेज बहाव के साथ बने भंवर में फंसने से उसकी मौत हो गई।
युवक खेती- किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी वास्तविक स्थिति पोस्टमार्टम और जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार और गांव में शोक का माहौल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार शव का पोस्टमार्टम मंगलवार सुबह किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

