राजगढ़ः जहरीला पदार्थ खाने से युवक की मौत, जांच शुरु
राजगढ़, 11 अक्टूबर (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के पचोर थाना क्षेत्र के ग्राम आमलारोड में रविवार सुबह एक 25 वर्षीय युवक ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में परिजन उसे ब्यावरा के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां से हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों ने उसे भोपाल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम आमलारोड निवासी राजेश पुत्र रमेशचंद्र नागर ने रविवार सुबह घर पर रहते हुए जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए ब्यावरा के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसे भोपाल रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर देहात ब्यावरा थाना पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की। युवक के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने जीरो पर मर्ग कायम कर डायरी संबंधित थाना पचोर पुलिस को भेज दी है।
बताया गया है कि राजेश अविवाहित था और एक निर्माण कंपनी में मिस्त्री का काम करता था। उसने किन परिस्थितियों में जहरीले पदार्थ का सेवन किया, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही घटना के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

