विदिशा : छेड़खानी से परेशान युवती ने की आत्महत्या, परिजनों का आरोप- आरोपित जेल से लौटकर फिर करने लगा था प्रताड़ित
विदिशा, 04 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के विदिशा में छेड़खानी और लगातार मिल रही कथित प्रताड़ना से परेशान 22 वर्षीय युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के करैयाखेड़ा स्थित गोकुलधाम कॉलोनी की है।
परिजनों का आरोप है कि एक युवक पिछले करीब चार महीने से युवती को परेशान कर रहा था। शिकायत के बाद युवक जेल भी गया था, लेकिन वापस लौटने पर उसने फिर से युवती को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतका आरती अहिरवार पुत्री रणधीर अहिरवार (22) गोकुलधाम कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहती थी। घटना के समय वह अपने कमरे में थी। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दूसरे रास्ते से कमरे में पहुंचने पर आरती फंदे पर लटकी मिली। परिजन तत्काल उसे मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का आरोप है कि एक युवक करीब चार महीने से आरती के साथ छेड़खानी कर उसे परेशान कर रहा था। इस संबंध में पुलिस थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। परिजनों के मुताबिक, शिकायत के बाद आरोपित कुछ समय जेल में रहा, लेकिन वहां से लौटने के बाद उसने फिर युवती को परेशान करना शुरू कर दिया। लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर आरती ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका तिवारी ने बुधवार को बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।)।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

