इंदौर में युवती ने की आत्महत्या, सुबह कमरे में फंदे पर लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
इंदौर, 10 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के बाणगंगा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक निजी कंपनी में कार्यरत युवती ने अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह जब परिजन उसे जगाने पहुंचे, तब घटना का खुलासा हुआ। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिसके कारण आत्महत्या की वजह फिलहाल रहस्य बनी हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान आयुषी ठक्कर के रूप में हुई है। वह अहमदाबाद की एक प्रतिष्ठित निजी कंपनी के इंदौर स्थित रीजनल ऑफिस (कार्यालय) में जॉब करती थी। शुक्रवार सुबह जब वह रोज की तरह समय पर अपने कमरे से बाहर नहीं आई, तो परिजनों ने उसे आवाज लगाई। कोई जवाब न मिलने पर जब कमरे के अंदर देखा गया, तो आयुषी का शव फंदे से लटका हुआ था। सूचना मिलते ही बाणगंगा थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाया।
पुलिस ने घटनास्थल और आयुषी के कमरे की बारीकी से तलाशी ली, लेकिन वहां से कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस ने आयुषी का मोबाइल फोन और लैपटॉप अपने कब्जे में ले लिया है। शुरुआती पूछताछ में परिजनों ने किसी भी तरह के पारिवारिक विवाद, काम के दबाव या प्रेम-प्रसंग की बात से साफ इनकार किया है। परिजनों के मुताबिक, आयुषी बेहद शांत और सुलझी हुई लड़की थी, जो अपने करियर के साथ-साथ घर के सभी सदस्यों का बहुत ख्याल रखती थी। आयुषी के पिता संतोष ठक्कर एक स्थानीय फैक्ट्री में काम करते हैं। परिवार में आयुषी के अलावा उसकी एक छोटी बहन और एक भाई भी है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर आयुषी के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने और मोबाइल-लैपटॉप की तकनीकी जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि आयुषी ने ये आत्मघाती कदम क्यों उठाया। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

