हरदा में नवजात बच्ची को सड़क किनारे छोड़ने वाली युवती और उसकी मां हिरासत में

WhatsApp Channel Join Now
हरदा में नवजात बच्ची को सड़क किनारे छोड़ने वाली युवती और उसकी मां हिरासत में


हरदा, 22 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के हरदा में जिला चिकित्सालय के सामने सड़क किनारे नवजात बच्ची को लावारिस छोड़ने के मामले में पुलिस ने युवती और उसकी मां को हिरासत में लिया है। अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच के दौरान दोनों की पहचान हुई। पुलिस पूछताछ में युवती ने अविवाहित होने के कारण समाज के तानों के डर से बच्ची को छोड़ने की बात बताई है। फिलहाल नवजात बच्ची जिला चिकित्सालय के बच्चों के आईसीयू में भर्ती है, जहां उसकी देखभाल की जा रही है।

जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम जिला चिकित्सालय के सामने चिकमंगलूर चौराहे के पास सड़क किनारे एक नवजात बच्ची लावारिस हालत में मिली थी। सूचना मिलने पर सिटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को सुरक्षित जिला चिकित्सालय पहुंचाकर बच्चों के आईसीयू में भर्ती कराया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी थाना प्रभारी रोशनलाल भारती के नेतृत्व में पुलिस ने अस्पताल परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। फुटेज में एक युवती और उसकी मां नवजात बच्ची को सड़क किनारे छोड़ते हुए दिखाई दीं। इसके बाद पुलिस ने अस्पताल के रिकॉर्ड की जांच की, जिसमें युवती के नाम और बच्ची के जन्म से संबंधित जानकारी मिली।

अस्पताल के रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस सिराली पहुंची और युवती तथा उसकी मां को पूछताछ के लिए सिटी थाने लेकर आई। पुलिस के अनुसार, 24 वर्षीय युवती अविवाहित है। गांव में मजदूरी के दौरान उसके गोविंद मर्सकोले नामक युवक से संबंध बने थे, जिसके बाद वह गर्भवती हो गई।

प्रसव पीड़ा होने पर युवती की मां ने उसे जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया था। गुरुवार को युवती ने अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया। इसके बाद वह अपनी मां के साथ नवजात को लेकर अस्पताल से बाहर निकली और कथित तौर पर उसे सड़क किनारे छोड़कर घर चली गई।

पुलिस पूछताछ में युवती ने बताया कि अविवाहित होने के कारण उसे समाज के तानों का डर था। इसी आशंका के चलते उसने अपनी मां के साथ बच्ची को सड़क किनारे छोड़ने का फैसला किया। युवती ने पुलिस को संबंधित युवक के बारे में भी जानकारी दी है।

वहीं, युवती की मां ने पुलिस को बताया कि उसकी बेटी की सगाई हो चुकी है। इस जानकारी के बाद पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है, ताकि घटनाक्रम की पूरी परिस्थितियों और संबंधित लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके।

युवती और उसकी मां से पूछताछ के बाद पुलिस गोविंद मर्सकोले की भूमिका की जांच कर रही है। पुलिस उसके घर भी पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिला। इसके बाद उसके परिचितों से उसे पूछताछ के लिए थाने भेजने को कहा गया। पुलिस के अनुसार, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक दोपहर तक वह थाने नहीं पहुंचा था।

फिलहाल नवजात बच्ची जिला चिकित्सालय के बच्चों के आईसीयू में भर्ती है। उसकी देखभाल और आगे की कार्रवाई को लेकर संबंधित अधिकारी जुटे हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों और संबंधित लोगों की जिम्मेदारी को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार/सोमानी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

765703 Articles

Share this story