अनूपपुर: खेलते-खेलते कुएं में गिरने से अबोध बालक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: खेलते-खेलते कुएं में गिरने से अबोध बालक की मौत


अनूपपुर, 23 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कांसा में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में दो वर्षीय अबोध बालक की कुएं में डूबने से मौत हो गई। बालक घर के पास खेलते-खेलते खेत में बने कुएं के समीप पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया।

जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय अनूपपुर से करीब 8 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत कांसा के वार्ड क्रमांक 13 टिकरीटोला निवासी चोखेलाल सिंह का दो वर्षीय पुत्र वीर सिंह अपनी चार वर्षीय बहन सुनैना सिंह और दादी फूलबाई सिंह के साथ घर के पास खेल रहा था। इसी दौरान वह नंदलाल पिता रामस्वरूप यादव के खेत में बने कुएं के पास पहुंच गया और अचानक कुएं में गिर गया।

बालक के कुएं में गिरने की जानकारी मिलते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हो-हल्ला सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। संतोष, विकास, शंभू सहित अन्य ग्रामीण कुएं में उतरे और बाहर से भी बालक की तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद वीर सिंह पानी के अंदर मिला। उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना ग्रामीणों द्वारा कोतवाली थाना अनूपपुर के थाना प्रभारी को दी गई। पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story