योग सशक्त समाज की आधारशिला, स्वस्थ नागरिक ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण करते हैं: हेमंत खंडेलवाल

WhatsApp Channel Join Now
योग सशक्त समाज की आधारशिला, स्वस्थ नागरिक ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण करते हैं: हेमंत खंडेलवाल


बैतूल में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह से मनाया गया, हॉकी एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में हजारों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास

बैतूल, 21 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को बैतूल के हॉकी एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम भव्य और उत्साहपूर्ण माहौल में आयोजित किया गया। स्वस्थ आयु के लिए योग थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और नागरिकों के साथ सामूहिक योगाभ्यास कर योग के महत्व का संदेश दिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, जागरूक और सशक्त समाज की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण करते हैं और देश को विकास एवं समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं। उन्होंने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में योग शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक संतुलन और आत्मिक शांति प्रदान करता है। मन अच्छा तो तन अच्छा का संदेश देते हुए उन्होंने सभी नागरिकों से नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।

प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से योग को मिली वैश्विक पहचान

प्रदेशाध्यक्ष खंडेलवाल ने कहा कि भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक मंच पर प्रतिष्ठा दिलाने में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप वर्ष 2015 से पूरी दुनिया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मना रही है। आज योग सीमाओं और भाषाओं से परे मानव स्वास्थ्य और कल्याण का वैश्विक आंदोलन बन चुका है। उन्होंने कहा कि योग शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करता है तथा तनाव, अवसाद और जीवनशैली से जुड़ी अनेक समस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम है।

कलेक्टर, एसपी सहित हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर, कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और आम नागरिकों ने योगासन एवं प्राणायाम कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। योगाभ्यास के दौरान पूरे स्टेडियम में अनुशासन और उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के बाद विद्यार्थियों और बच्चों ने प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ फाेटाे भी खिंचवाए।

जिलेभर में योगमय रहा वातावरण

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर जिला मुख्यालय के साथ-साथ सभी विकासखंड मुख्यालयों, ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों और विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा भी योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। हजारों लोगों ने सामूहिक रूप से योग कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।

स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित

कार्यक्रम के समापन पर कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने विधायक एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मान किया। वहीं एसडीएम अभिजीत सिंह ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story