राजगढ़ः योग-ध्यान से पुलिसकर्मियों ने घटाया तनाव, थाना परिसरों में चलाया स्वच्छता अभियान

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः योग-ध्यान से पुलिसकर्मियों ने घटाया तनाव, थाना परिसरों में चलाया स्वच्छता अभियान


राजगढ़, 16 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त और स्वस्थ रखने के लिए पुलिस ने रविवार को जिले के विभिन्न थाना परिसरों में योग-ध्यान और स्वच्छता अभियान चलाया।

पुलिस महानिरीक्षक भोपाल ग्रामीण रेंज रुचिवर्धन मिश्र के निर्देशन में संचालित ‘हर रविवार थाना परिवार’ कार्यक्रम के तहत पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने हार्टफुलनेस ध्यान, योग एवं रिलैक्सेशन का अभ्यास किया। पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने नरसिंहगढ़ थाने में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ योग एवं ध्यान सत्र में हिस्सा लिया। इसके बाद उन्होंने थाना परिसर का निरीक्षण किया और कर्मचारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली।

वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक केएल बंजारे ने राजगढ़ थाने में पुलिसकर्मियों के साथ योग-ध्यान किया। उन्होंने थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। इसी तरह जिले के सभी एसडीओपी ने अपने-अपने क्षेत्र के थानों में पुलिसकर्मियों के साथ योग एवं ध्यान किया। अधिकारियों ने थाना परिसरों का निरीक्षण कर कर्मचारियों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। पहले सफाई, फिर योग-ध्यान कार्यक्रम की शुरुआत थाना परिसरों और कर्तव्य स्थलों की साफ-सफाई से हुई।

पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्रमदान कर परिसर को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया। इसके बाद ध्यान, प्राणायाम और रिलैक्सेशन का अभ्यास कराया गया। अधिकारियों ने कहा कि नियमित योग और ध्यान से तनाव कम करने, एकाग्रता बढ़ाने तथा भावनात्मक संतुलन बनाए रखने में मदद मिलती है। राजगढ़ पुलिस के अनुसार, ‘हर रविवार थाना परिवार’ के माध्यम से पुलिस बल में आपसी संवाद, सकारात्मक ऊर्जा और टीम भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने आमजन से भी योग, ध्यान और स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story