दतिया : पीताम्बरा पीठ में वैदिक रीति-रिवाजों के साथ वटुकों का हुआ यज्ञोपवीत संस्कार

WhatsApp Channel Join Now
दतिया : पीताम्बरा पीठ में वैदिक रीति-रिवाजों के साथ वटुकों का हुआ यज्ञोपवीत संस्कार


दतिया, 17 जून (हि.स.)। विश्व प्रसिद्ध श्री पीताम्बरा पीठ में बुधवार को पारंपरिक वैदिक रीति-रिवाजों के साथ यज्ञोपवीत (जनेऊ) संस्कार का भव्य आयोजन किया गया। इस दौरान जिले सहित विभिन्न स्थानों से आए करीब एक सैकड़ा वटुकों का मुंडन एवं यज्ञोपवीत संस्कार विधि-विधान से सम्पन्न कराया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, संस्कार कार्यक्रम मंदिर की यज्ञशाला में आयोजित किया गया, जहां आचार्य पंडित विष्णुकांत मुड़िया एवं अन्य विद्वान ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ वटुकों को जनेऊ धारण कराया। संस्कार के दौरान बालकों को गायत्री मंत्र की दीक्षा देकर सनातन धर्म की परंपराओं एवं संस्कारों का महत्व बताया गया।

संस्कार पूर्ण होने के बाद वटुकों ने मां पीताम्बरा एवं महाराज जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्यक्रम में बच्चों के माता-पिता एवं परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और अपने बच्चों के जीवन के इस महत्वपूर्ण धार्मिक संस्कार के साक्षी बने।मंदिर परिसर में पूरे आयोजन के दौरान धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण बना रहा। वैदिक मंत्रों की गूंज और श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Share this story