सागर: 'यादव जी की लव स्टोरी' फिल्म पर मचा बवाल, यादव समाज ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर की बैन की मांग

WhatsApp Channel Join Now
सागर: 'यादव जी की लव स्टोरी' फिल्म पर मचा बवाल, यादव समाज ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर की बैन की मांग


सागर, 24 फ़रवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर में फिल्म 'यादव जी की लव स्टोरी' को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। मंगलवार को यादव समाज के युवाओं ने अन्य हिंदू संगठनों के साथ मिलकर जिला कलेक्टर कार्यालय में जोरदार प्रदर्शन किया और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के नाम ज्ञापन सौंपा। समाज के प्रतिनिधियों ने आगामी 27 फरवरी को प्रस्तावित फिल्म की रिलीज पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

ज्ञापन में स्पष्ट रूप से उल्लेख किया गया है कि फिल्म में एक यादव (हिंदू) युवती और एक मुस्लिम युवक की प्रेम कहानी को दर्शाया गया है। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि:

• फिल्म निर्माता ने जानबूझकर यादव समाज की छवि को धूमिल करने के उद्देश्य से यह कहानी बुनी है।

• इससे न केवल यादव समाज, बल्कि संपूर्ण हिंदू समाज की धार्मिक और सामाजिक भावनाओं को ठेस पहुंची है।

• समाज के युवाओं का कहना है कि फिल्म के निर्माता और निर्देशक का यादव समाज के इतिहास या संस्कृति से कोई लेना-देना नहीं है, फिर भी वे समाज के नाम का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं।

यह फिल्म समाज में शांति भंग करने और एक वर्ग विशेष की छवि खराब करने के लिए बनाई गई है। यदि इसे समय रहते नहीं रोका गया, तो हम सड़क पर उतरकर उग्र प्रदर्शन करेंगे। — विरोध कर रहे युवाओं का बयान

यादव समाज ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि 27 तारीख तक फिल्म के प्रदर्शन पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया, तो जिले भर में सभी समाज मिलकर लामबंद होंगे और फिल्म के खिलाफ बड़ा मोर्चा खोलेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story