रीवा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में एक्स-रे फिल्म खत्म, मोबाइल फोटो से चल रहा काम
रीवा, 10 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के रीवा स्थित सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में अव्यवस्थाओं की स्थिति सामने आई है। यहां एक्स-रे विभाग में कई दिनों से फिल्म खत्म होने के कारण मरीजों को जांच रिपोर्ट मोबाइल से फोटो खींचकर दी जा रही है, जिसे देखकर डॉक्टर इलाज करने को मजबूर हैं।
जानकारी के अनुसार, अस्पताल में मरीजों से जांच के लिए शुल्क लिया जा रहा है, लेकिन सुविधाओं के अभाव के चलते उन्हें समुचित सेवा नहीं मिल पा रही है। एक्स-रे फिल्म उपलब्ध न होने के कारण स्टाफ रिपोर्ट को मोबाइल फोन से कैप्चर कर मरीजों को दे रहा है। यही फोटो डॉक्टरों को दिखाकर इलाज कराया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि एक्स-रे फिल्म खत्म होने की जानकारी पहले से अस्पताल प्रबंधन और डीन कार्यालय को थी, बावजूद इसके समय रहते वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई। अब नई फिल्म की खरीद के लिए प्रक्रिया शुरू करनी होगी, जिसमें समय लग सकता है। सप्लायर द्वारा कीमत बढ़ने का हवाला देकर फिल्म देने से इनकार किए जाने की भी बात सामने आई है।
इस स्थिति में जिन मरीजों के पास स्मार्टफोन है, उन्हें तो कुछ हद तक राहत मिल रही है, लेकिन जिनके पास मोबाइल नहीं है, उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं डॉक्टरों को भी मोबाइल में रिपोर्ट देखकर इलाज करने में दिक्कतें आ रही हैं।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. अक्षय श्रीवास्तव का कहना है कि फिलहाल वैकल्पिक व्यवस्था के तहत मरीजों को मोबाइल से फोटो खींचकर रिपोर्ट दी जा रही है। एक्स-रे फिल्म की मांग डीन कार्यालय को भेज दी गई है और वहीं से आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
मामले ने अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं और मरीजों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की जरूरत को फिर उजागर किया है।
हिन्दुस्थान समाचार / हीरेन्द्र द्विवेदी

