उज्जैनः निर्माण कार्यों में तेजी देख संतुष्ट हुए डॉ. राजोरा, थपथपाई संभागायुक्त और कलेक्टर की पीठ
उज्जैन, 05 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में सिंहस्थ निर्माण कार्यो की सतत मानीटरिंग कर रहे अपर मुख्य सचिव डॉ.राजेश राजोरा पिछली बैठकों तक चिंतित दिखाई दे रहे थे कि निर्माण कार्य समय पर पूर्ण होंगे या नहीं? रविवार को उन्होने जब मौके पर जाकर स्थल निरीक्षण किया और सिंहस्थ निर्माण कार्यो की प्रगति देखी तो संतुष्ट हुए और संभागायुक्त सह मेलाधिकारी आशीष सिंह एवं कलेक्टर रौशनकुमार सिंह की पीठ थपथपाई।
रविवार को अपर मुख्य सचिव डॉ.राजेश राजौरा का व्यस्त दौरा रहा। जहां उन्होंने स्थल कार्यो का मौके पर निरीक्षण किया वहीं बिंदुवार कार्यो की जानकारी भी ली। मौके पर उन्होने निर्माणाधीन कार्यों को गुणवत्ता के साथ समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। वे सिंहस्थ कार्यों की समीक्षा बैठक के बाद निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण करने निकले थे।
डॉ. राजौरा ने सबसे पहले अंगारेश्वर मंदिर के समीप शिप्रा नदी पर बन रहे नवीन घाटों का निरीक्षण किया। इसके बाद कार्तिक मेला ग्राउंड से नई खेड़ी सिंहस्थ बायपास निर्माणाधीन मार्ग, 2.6 किमी लंबे फोरलेन मार्ग का निरीक्षण किया। उन्होने भूखी माता ब्रिज का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन कार्य की गति, गुणवत्ता और सामग्री की उपलब्धता के संबंध में भी जानकारी ली। मौके पर सेतु निगम के ईई श्री पंत ने उन्हे बताया कि ब्रिज का निर्माण दिसंबर-2026 तक पूर्ण हो जाएगा। यूडीए सीईओ संदीप सोनी ने जानकारी दी कि ब्रिज निर्माण के साथ ही कनेक्टिविटी रोड़ निर्माण का कार्य भी जनवरी-2027 तक पूर्ण हो जाएगा।
डॉ. राजौरा ने कहा कि सिंहस्थ अंतर्गत वर्तमान में प्रचलित कार्य सही गति से चल रहे हैं। उन्होने गेल चौराहे से शांति नगर के बीच सडक़ चौड़ीकरण कार्य के निरीक्षण के दौरान कार्य की गति पर संतुष्टि जाहिर की। सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह और कलेक्टर रोशन कुमार सिंह को तेज गति से हो रहे निर्माण कार्य के लिए बधाई दी। कहा कि निर्माणाधीन कार्यों में गति बनाए रखना है और कोशिश करना है कि सभी कार्य तय समय सीमा से पहले ही पूर्ण कर लें, जिससे यदि बाद में कोई समस्या आ रही है तो उसके लिए भी विकल्प और समय उपलब्ध रहे। आशीष सिंह ने मौके पर जानकारी दी कि सडक़ चौड़ीकरण के साथ निर्माण कार्य भी तुरंत किए जा रहे है। साथ ही सडक़ निर्माण के दौरान शहर के सभी प्रमुख चौराहों को भी व्यवस्थित किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान एडीजीपी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन,एसपी प्रदीप शर्मा,यूडीए सीईओ संदीप सोनी, अपर आयुक्त नगर निगम संतोष टेगौर उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

