अनूपपुर: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना आज साकार हुआ - मंत्री दिलीप जायसवाल

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना आज साकार हुआ - मंत्री दिलीप जायसवाल


सशक्त राष्ट्र निर्माण में हर कार्यकर्ता निभाए अपनी भूमिका -सांसद हिमाद्री सिंह

अनूपपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में 'एक देश में दो निशान, दो विधान और दो प्रधान' का विरोध करते हुए राष्ट्रीय एकता के लिए संघर्ष किया। डॉ. मुखर्जी ने जिस अखंड भारत और सशक्त राष्ट्र का सपना देखा था, वह आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में साकार हो रहा है।

यह बात सोमवार को मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले में भाजपा के जिला अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम की अध्यक्षता में जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर कार्यकर्ता सम्मेलन को मुख्य अतिथि कुटीर एवं ग्रामीण उद्योग राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिलीप जायसवाल ने कहीं। उन्‍होंने कार्यकर्ताओं से केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता होने पर हम सभी को गर्व होना चाहिए।

कार्यक्रम में सांसद हिमाद्री सिंह, जिला प्रभारी संजय साहू, पूर्व जिला अध्यक्ष अनिल गुप्ता, रामदास पुरी, आधाराम वैश्य, जिला महामंत्री श्याम नारायण शुक्ला एवं सिद्धार्थ शिव सिंह सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे।

सांसद हिमाद्री सिंह ने कहा कि भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता वर्ष के 365 दिन पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से संगठन के लिए कार्य करता है। यही कारण है कि एक सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत और योग्यता के बल पर सर्वोच्च दायित्व तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। केंद्र की मोदी सरकार एवं मध्य प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार जनहित में लगातार कार्य कर रही है। यदि किसी कार्य में समय लगता है तो निराश होने की आवश्यकता नहीं है। सशक्त राष्ट्र निर्माण के लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा के साथ कार्य करना होगा।

सम्मेलन में उपस्थित अन्य अतिथियों ने भी अपने उद्बोधन में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया। कार्यक्रम में भाजपा के जिला पदाधिकारी, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। संचालन भाजपा जिला महामंत्री सिद्धार्थ शिव सिंह ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story