बैरसिया में मिक्सर मशीन पलटने से मजदूर की मौत, टायर निकलने से अनियंत्रित हुई मशीन

WhatsApp Channel Join Now
बैरसिया में मिक्सर मशीन पलटने से मजदूर की मौत, टायर निकलने से अनियंत्रित हुई मशीन


भोपाल, 24 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के बैरसिया क्षेत्र में शुक्रवार सुबह निर्माण कार्य के लिए जा रहे एक मजदूर की कांक्रीट मिक्सर मशीन पलटने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब मशीन का एक टायर अचानक निकल जाने से वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। गंभीर रूप से घायल युवक ने उपचार के दौरान हमीदिया अस्पताल में दम तोड़ दिया।

बैरसिया पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राहुल कुशवाह (19) पुत्र बाबूलाल कुशवाह, निवासी बसई गांव के रूप में हुई है। राहुल निर्माण कार्यों में छत की ढलाई का काम करता था। शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे वह काम पर जाने के लिए घर से निकला था। हादसा उसके गांव से करीब पांच किलोमीटर दूर किलाल गांव स्थित पेट्रोल पंप के पास हुआ।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि राहुल कांक्रीट मिक्सर मशीन पर बैठा हुआ था। इसी दौरान मशीन का एक टायर अचानक निकल गया, जिससे उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गई। हादसे में राहुल गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल बैरसिया सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हमीदिया अस्पताल रेफर किया गया। वहां सुबह करीब 11 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। राहुल अपने परिवार का सबसे छोटा सदस्य था। उसके परिवार में एक बड़ा भाई और पांच बड़ी बहनें हैं। पिता का पहले ही निधन हो चुका है। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि मिक्सर मशीन का टायर तकनीकी खराबी के कारण निकला या वाहन के रखरखाव में लापरवाही बरती गई। निर्माण कार्य से जुड़े जिम्मेदार लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story