अनूपपुर: कृषि उपज को बेहतर बाजार उपलब्ध करा कृषको के आर्थिक समृद्धि की दिशा में कार्य करें – शशांक मिश्रा

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: कृषि उपज को बेहतर बाजार उपलब्ध करा कृषको के आर्थिक समृद्धि की दिशा में कार्य करें – शशांक मिश्रा


अनूपपुर: कृषि उपज को बेहतर बाजार उपलब्ध करा कृषको के आर्थिक समृद्धि की दिशा में कार्य करें – शशांक मिश्रा


अनूपपुर: कृषि उपज को बेहतर बाजार उपलब्ध करा कृषको के आर्थिक समृद्धि की दिशा में कार्य करें – शशांक मिश्रा


अनूपपुर, 29 सितंबर (हि.स.)। धन- धान्य कृषि योजना से संबंधित विभागों को समन्वित प्रयासो से कृषक कल्याण के निर्धारित लक्ष्यों को समय-सीमा में पूर्ण करें। कृषि उपज को बेहतर बाजार उपलब्ध करा कृषको के आर्थिक समृद्धि की दिशा में कार्य करें, किसान क्रेडिट कार्ड, फसल बीमा एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड के कवरेज को बढ़ाने पर विशेष जोर दे।

यह निर्देश पशुपालन विभाग के अंतर्गत टीकाकरण एवं कृत्रिम गर्भाधान के निर्धारित लक्ष्यों को पूर्ण करने प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना (पीएम-डीडीकेवाई) के अंतर्गत जिले में संचालित कार्यों की समीक्षा बैठक में मंगलवार को संयुक्त सचिव, ऊर्जा मंत्रालय एवं प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के केंद्रीय नोडल अधिकारी शशांक मिश्रा ने दिए। बैठक में कृषक कल्याण योजना की प्रगति, विभागवार कार्यों तथा किसानों को विभिन्न योजनाओं का लाभ पहुंचाने की स्थिति की समीक्षा की गई।

मत्स्य पालन को बढ़ावा देने केज कल्चर के माध्यम से मछली उत्पादन को प्रोत्साहित करने तथा कृषि विज्ञान केंद्र के माध्यम से किसानों के लिए निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रमों से कृषको को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों एवं संबंधित गतिविधियों से जोड़कर उनकी आय में वृद्धि के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। कृषक उत्पादन संगठनों (एफपीओ) के माध्यम से किसानों की उपज के विक्रय की व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के लिए विपणन चैनल विकसित किए जाएं, जिससे उत्पादों के उचित विपणन में सहायता मिल सके। उन्होंने विभागीय योजनाओं के क्रियान्वयन की नियमित निगरानी एवं मैदानी स्तर पर प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

प्रधानमंत्री कृषि धन-धान्य योजना के केंद्रीय नोडल अधिकारी एवं संयुक्त सचिव, ऊर्जा मंत्रालय, भारत सरकार शशांक मिश्रा ने मंगलवार को जिले के भ्रमण के दौरान कृषि, उद्यानिकी, खाद्य प्रसंस्करण एवं ग्रामीण आजीविका से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों का अवलोकन किया। उन्होंने किसानों एवं स्व-सहायता समूह की दीदियों से संवाद कर संचालित गतिविधियों, उत्पादन, प्रसंस्करण एवं विपणन की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ग्राम जमुड़ी में राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन अंतर्गत स्थापित बायो रिसोर्स सेंटर का अवलोकन कर उन्होंने केंद्र के संचालक एवं किसानों से चर्चा कर प्राकृतिक खेती के लिए संचालित गतिविधियों, उपलब्ध संसाधनों तथा किसानों को दी जा रही सुविधाओं की जानकारी ले, किसानों को प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने तथा इसके अधिकाधिक उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया। प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के हितग्राही द्वारा स्थापित राइस मिल का अवलोकन किया। जहां इकाई के संचालन, उत्पादन एवं अन्य गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की। इस दौरान प्रगतिशील कृषक दिनेश धुर्वे से संवाद कर आधुनिक कृषि पद्धतियों, ड्रिप सिंचाई तथा नाशपाती रोपण के संबंध में जानकारी ली।

शिवरीचंदास स्थित अमरकंटक हॉर्टिकल्चर फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी का भी अवलोकन किया। जहां उन्होंने महिला कृषकों से संवाद कर कंपनी की गतिविधियों तथा किसानों को उपलब्ध कराए जा रहे सहयोग की जानकारी ली और उत्पादों के बेहतर प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन एवं प्रभावी विपणन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। पुष्पराजगढ़ के कोहका पूर्व में जीवनदायिनी संकुल संगठन राजेन्द्रग्राम द्वारा संचालित कोदो प्रसंस्करण, बेकरी एवं एग्रो प्रोसेसिंग सेंटर का अवलोकन करते हुए उन्होंने स्व-सहायता समूह की दीदियों से संवाद किया। समूह की सदस्यों ने तैयार किए जा रहे विभिन्न उत्पादों की गुणवत्ता, पैकेजिंग एवं विपणन की जानकारी दी। उत्पादों की सराहना करते हुए समूह की सदस्यों को प्रोत्साहित किया तथा गतिविधियों को और प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने के लिए कहा।

बैठक में कलेक्टर रत्नाकर झा, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी, उप संचालक कृषि अनुराग पटेल, डॉ. अनिल कुर्मी, डॉ. संदीप चौहान, कृषि विज्ञान केंद्र अमरकंटक के अधिकारी, उप संचालक पशुपालन, सहायक उद्यान अधिकारी, सहायक मत्स्य अधिकारी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला केंद्रीय सहकारी बैंक मर्यादित, प्रबंधक जिला अग्रणी बैंक, उपायुक्त सहकारिता, परियोजना अधिकारी जलग्रहण क्षेत्र, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन, तहसीलदार भू-अभिलेख, प्राचार्य आईटीआई, जिला विकास प्रबंधक नाबार्ड सहित कृषि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story