शहडोल: मॉडल रोड के काम में आएगी तेजी, सीएमओ ने किया मैदानी निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
शहडोल: मॉडल रोड के काम में आएगी तेजी, सीएमओ ने किया मैदानी निरीक्षण


शहडोल, 03 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शहडोल जिला मुख्यालय की प्रमुख सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को गति देने के लिए की मुख्य नगर पालिका अधिकारी आशा जितेंद्र भंडारी ने गुरुवार को विभिन्न मार्गों का मैदानी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सड़क निर्माण की प्रगति, क्षतिग्रस्त मार्गों और नागरिकों की समस्याओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों को समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

दो दिन में भरने होंगे सड़क के गड्ढे

सीएमओ ने इंदिरा चौक से सिंहपुर रोड स्थित पोड़ा नाला तक सड़क का निरीक्षण किया। मार्ग पर जगह-जगह बने गड्ढों और क्षतिग्रस्त हिस्सों को देखकर उन्होंने उपयंत्री शरद द्विवेदी को निर्देशित किया कि दो दिवस के भीतर गड्ढों का भराव एवं आवश्यक मरम्मत कार्य पूरा कराया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क की खराब स्थिति के कारण वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी नहीं होनी चाहिए।

पैदल चलकर देखी निर्माणाधीन मॉडल रोड

इसके बाद सीएमओ ने इंदिरा चौक से न्यू बस स्टैंड तक निर्माणाधीन डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी रोड का एक किलोमीटर से अधिक दूरी तक पैदल चलकर निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और सड़क निर्माण में बाधक बन रहे विद्युत पोलों की शिफ्टिंग का कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए।

सीएमओ ने कहा कि विद्युत पोलों की शिफ्टिंग पूरी होते ही सड़क निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि मार्ग का निर्माण जल्द पूरा हो और नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

मलबा हटाने और डायवर्सन की व्यवस्था के निर्देश

निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे दुकानों और मकानों के सामने पड़े निर्माण मलबे को तत्काल हटाने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य के दौरान नागरिकों और व्यापारियों के आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। आवश्यकतानुसार उचित डायवर्सन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

व्यापारियों और नागरिकों ने बताई समस्याएं

स्थानीय व्यापारियों एवं नागरिकों ने सीएमओ को सड़क निर्माण तथा आवागमन से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। सीएमओ ने उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।

मौके पर उपयंत्रियों की मौजूदगी जरूरी

मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती आशा जितेंद्र भंडारी ने सभी उपयंत्रियों को निर्देशित किया कि सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों के दौरान वे नियमित रूप से मौके पर उपस्थित रहकर कार्य की निगरानी करें। उन्होंने ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कार्य में अनावश्यक विलंब न हो और निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निर्माण पूरा किया जाए।

निरीक्षण के दौरान उपयंत्री एस.एस. तोमर, पुनीत त्रिपाठी, शरद द्विवेदी, अरुण तिवारी, विद्युत विभाग से रंजीत खैरवार सहित संबंधित ठेकेदार, स्थानीय व्यापारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।

मनीष शुक्ला

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story