शिवपुरी में मालगाड़ी की टक्कर से 70 वर्षीय महिला की मौत, अटरूनी रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रैक पार करते समय हादसा

WhatsApp Channel Join Now
शिवपुरी में मालगाड़ी की टक्कर से 70 वर्षीय महिला की मौत, अटरूनी रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रैक पार करते समय हादसा


शिवपुरी, 01 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के लुकवासा चौकी क्षेत्र में रविवार सुबह मालगाड़ी की टक्कर से 70 वर्षीय महिला की मौत हो गई। हादसा अटरूनी गांव की रेलवे क्रॉसिंग के पास हुआ। मृतका की पहचान लुकवासा निवासी मनको बाई सेन (70), पत्नी बाबूलाल सेन के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।

परिजनों के मुताबिक, मनको बाई शनिवार रात परिवार के साथ खाना खाने के बाद सो गई थीं। देर रात वह बिना किसी को बताए घर से निकल गईं। रविवार सुबह करीब 4 बजे अटरूनी रेलवे क्रॉसिंग के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आ गईं। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि मनको बाई की मानसिक स्थिति ठीक नहीं रहती थी। इससे पहले भी वह एक बार बिना बताए घर से चली गई थीं, लेकिन तब परिजन उन्हें वापस ले आए थे।

घटना की सूचना मिलने पर लुकवासा चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770639 Articles

Share this story