राजगढ़ः महिला ने लगाई फांसी, पति और बेटियों के सोते समय उठाया कदम

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः महिला ने लगाई फांसी, पति और बेटियों के सोते समय उठाया कदम


राजगढ़,4 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर के शीतला माता मंदिर क्षेत्र में शनिवार सुबह 33 वर्षीय महिला का शव किराए के मकान में फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान कृष्णाबाई (33) पत्नी हरीओम साहू के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ महीनों से मायके के पास शीतला माता मंदिर क्षेत्र में किराए के मकान में रह रही थी। शुक्रवार रात उसने कमरे में कुंदे से फंदा लगाकर जान दे दी। शनिवार सुबह परिजनों ने उसे फंदे पर लटका देखा और तत्काल डायल-112 को सूचना दी। परिजनों ने बताया कि कृष्णाबाई पहले पति के साथ लसुल्डी महाराज में रहती थी। उसकी दो छोटी बेटियां हैं, जिनका हाल ही में निजी स्कूल में प्रवेश कराया गया था। परिवार के अनुसार, पति के लिए लोन लेकर एक दिन पहले ही ऑटो खरीदा गया था। परिजनों का आरोप है कि पति शराब पीने का आदी था, जिसके कारण महिला मायके के समीप रह रही थी। परिजनों ने यह भी बताया कि जिस कमरे में कृष्णाबाई ने फांसी लगाई, उसी कमरे में उसका पति और दोनों बेटियां सो रही थीं। सुबह घटना का पता चलने पर परिवार में कोहराम मच गया। महिला ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है। परिजनों तथा आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story