राजगढ़ः हाईवे किनारे खड़ी महिला को तेज रफ्तार कार ने 30 फीट तक घसीटा, मौत

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः हाईवे किनारे खड़ी महिला को तेज रफ्तार कार ने 30 फीट तक घसीटा, मौत


राजगढ़, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-46 पर गुरुवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे में 40 वर्षीय महिला की मौत हो गई। ग्राम मोतीपुरा चैकी के समीप सड़क किनारे खड़ी महिला को तेज रफ्तार अज्ञात कार ने जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार महिला को करीब 20 से 30 फीट तक घसीटते हुए ले गई, जिससे उसके सिर सहित पूरे शरीर में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से उसे सिविल अस्पताल ब्यावरा पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद कार चालक वाहन मोड़कर मौके से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खेड़ी सराना निवासी हेमराज दांगी अपनी पत्नी गोकलबाई दांगी के साथ बाइक से ब्यावरा होते हुए ग्राम खुरी में अपनी बहन से मिलने जा रहे थे। मोतीपुरा चैकी के पास हेमराज लघुशंका के लिए खेत की ओर उतर गया, जबकि गोकलबाई सड़क किनारे बाइक के पास खड़ी थीं। इसी दौरान नरसिंहगढ़ की ओर से आई तेज रफ्तार कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल परिसर में चीख-पुकार और मातम का माहौल बन गया। मृतका अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गई हैं। परिवार की बड़ी बेटी अस्मिता दांगी भारतीय नौसेना में पदस्थ है। अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

देहात ब्यावरा थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया तथा जीरो पर मर्ग कायम कर प्रकरण नरसिंहगढ़ थाना भेज दिया है। पुलिस फरार कार चालक की तलाश में जुटी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story