डिलीवरी के बाद महिला की मौत पर निजी क्लीनिक के बाहर हंगामा, उपचार में लापरवाही का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
डिलीवरी के बाद महिला की मौत पर निजी क्लीनिक के बाहर हंगामा, उपचार में लापरवाही का आरोप


मंदसौर, 09 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में प्रसव के कुछ दिनों बाद एक महिला की उपचार के दौरान मौत हो जाने पर गुरुवार को नई आबादी स्थित एक निजी क्लीनिक के बाहर परिजनों ने विरोध प्रदर्शन किया। परिजन मृतका का शव लेकर क्लीनिक पहुंचे और चिकित्सक पर उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच एवं कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार रतलाम जिले के बोरवनी निवासी 26 वर्षीय पूजा कुंवर का उपचार नई आबादी स्थित स्पर्श मदर एंड चाइल्ड केयर क्लीनिक में डॉ. रोशनी जैन की देखरेख में चल रहा था। परिजनों के मुताबिक 24 जून को उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां 25 जून को ऑपरेशन के माध्यम से जुड़वा बेटियों का जन्म हुआ। प्रसव के बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।

परिजनों का कहना है कि महिला की हालत गंभीर होने के बावजूद समय पर उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर नहीं किया गया। 26 जून को उन्हें अहमदाबाद भेजा गया, जहां कई दिनों तक उपचार के बाद 8 जुलाई की रात उनकी मौत हो गई। परिजनों का यह भी आरोप है कि उपचार के दौरान चढ़ाए गए रक्त में थक्के (क्लॉट) होने की जानकारी अहमदाबाद के चिकित्सकों ने दी थी, जिससे उनकी स्थिति और गंभीर हो गई।

महिला की मौत के बाद परिजनों ने सिटी कोतवाली थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर को आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा संबंधित चिकित्सक के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि मृतका के पति की ओर से उपचार में लापरवाही का आरोप लगाते हुए शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के निष्कर्ष के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, डॉ. रोशनी जैन ने परिजनों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह पिछले डेढ़ वर्ष से महिला का उपचार कर रही थीं। प्रसव के दौरान दो स्वस्थ बच्चियों का जन्म हुआ था। डिलीवरी के बाद महिला को पोस्ट पार्टम हेमरेज (पीपीएच) की समस्या हुई, जिसका तत्काल उपचार किया गया। आवश्यक रक्त भी चढ़ाया गया और हालत गंभीर होने पर उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया गया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच में पुलिस को पूरा सहयोग दिया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

Share this story