राजगढ़ः सोयाबीन की बुवाई के दौरान महिला को सांप ने डसा, चिकित्सकों ने किया मृत घोषित

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः सोयाबीन की बुवाई के दौरान महिला को सांप ने डसा, चिकित्सकों ने किया मृत घोषित


राजगढ़, 07 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के करनवास थाना क्षेत्र के ग्राम पुनरखेड़ी में मंगलवार को खेत में काम कर रही एक महिला की सांप के डसने से मौत हो गई। समय पर जानकारी नहीं मिलने के कारण महिला को करीब दो घंटे तक उपचार नहीं मिल सका। जब परिजन तलाश करते हुए खेत पहुंचे तो वह अचेत अवस्था में मिली। उसे तत्काल ब्यावरा सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

पुलिस के अनुसार ग्राम पुनरखेड़ी निवासी सीमा (35) पत्नी दयालसिंह यादव मंगलवार को अपने खेत में सोयाबीन की बुवाई का कार्य कर रही थीं। इसी दौरान खेत में मौजूद एक जहरीले सांप ने उन्हें डस लिया। सांप के जहर का असर तेजी से फैलने से वह खेत में ही बेहोश होकर गिर गईं। काफी देर तक किसी की नजर उन पर नहीं पड़ी, जिससे उन्हें समय पर इलाज नहीं मिल सका। जब सीमा लंबे समय तक घर नहीं लौटीं तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान वह खेत में अचेत अवस्था में मिलीं। ग्रामीणों की मदद से उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल ब्यावरा पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पर पुलिस अस्पताल पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story