राजगढ़ः महिला की इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः महिला की इलाज के दौरान मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप


राजगढ़,13 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के नरसिंहगढ़ थाना क्षेत्र स्थित लीलावती निजी अस्पताल में गुरुवार सुबह इलाज के दौरान 29 वर्षीय महिला की मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल के स्टाफ पर इलाज में लापरवाही बरतने और नशे की हालत में उपचार करने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।

पुलिस के अनुसार ग्राम संवासी निवासी हेमलता पत्नी राहुल यादव को बुधवार रात पेट में दर्द की शिकायत के बाद लीलावती निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों के मुताबिक उपचार के दौरान महिला की तबीयत बिगड़ गई। गुरुवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया गया कि महिला का शुगर लेवल और बीपी बढ़ा हुआ था। महिला की मौत के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल के स्टाफ पर गंभीर आरोप लगाते हुए हंगामा करने लगे।

परिजनों का आरोप था कि अस्पताल में मौजूद स्टाफ ने नशे की हालत में इलाज किया और उपचार में लापरवाही बरती, जिसके कारण महिला की जान चली गई। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और अन्य लोगों ने समझाइश देकर परिजनों को शांत कराया। पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। साथ ही मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story