राजगढ़ः वनभूमि से बेदखली की कार्रवाई के बीच वनरक्षक पर महिला ने लगाए छेड़छाड़ के आरोप

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः वनभूमि से बेदखली की कार्रवाई के बीच वनरक्षक पर महिला ने लगाए छेड़छाड़ के आरोप


राजगढ़, 19 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के मलावर थाना क्षेत्र में वनभूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बीच वनरक्षक और जेमलपुरा गांव की एक महिला के बीच विवाद गहरा गया है। महिला ने वनरक्षक प्रकाश सिसोदिया पर खेत में अकेला पाकर छेड़छाड़ करने और जमीन खाली कराने के बदले अनैतिक संबंध बनाने का दबाव डालने के आरोप लगाए हैं।

गुरुवार को जेमलपुरा, जोतपुर, कजूरखाड़ी और भोरपुरा गांवों के 50 से अधिक ग्रामीण महिला के साथ प्रदेश के मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्यमंत्री नारायणसिंह पंवार के पास पहुंचे और ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की। महिला ने आवेदन में आरोप लगाया कि वनरक्षक उसे वनभूमि छोड़ने के लिए लगातार परेशान कर रहा है। खेत में अकेला पाकर उसके साथ छेड़छाड़ की और अनैतिक संबंध बनाने का दबाव बनाया।

मंत्री ने ग्रामीणों की बात सुनकर अधिकारियों से चर्चा की और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि बुधवार को वन विभाग की टीम गांव पहुंची थी। विरोध करने पर टीम के सदस्यों ने एक महिला के साथ मारपीट की। इसके बाद सुबह 10 से शाम 7 बजे तक ग्रामीण थाने में बैठे रहे, लेकिन एफआईआर दर्ज नहीं हुई।

वहीं मलावर थाना प्रभारी धर्मेंद्र शर्मा के अनुसार जेसीबी में तोड़फोड़ के बाद वन विभाग की टीम पहले थाने पहुंची थी। बाद में ग्रामीण आए। महिला की एमएलसी कराई गई, जिसमें चोट नहीं मिली। दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए गए हैं। जांच के बाद कार्रवाई होगी।

वनरक्षक प्रकाश सिसोदिया के अनुसार चारों गांवों के करीब 50 लोगों ने 150 हेक्टेयर वनभूमि पर कब्जा कर रखा है। विभाग जमीन खाली कराकर पौधरोपण करना चाहता है। कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों ने जेसीबी के कांच फोड़ दिए। उनका कहना है कि महिला के परिवार के सदस्यों पर 2018, 2019 और 2026 में वनभूमि पर कब्जे के मामले दर्ज हुए हैं। बेदखली की कार्रवाई से बचने के लिए आरोप लगाए जा रहे हैं। फिलहाल दोनों पक्षों के आरोपों की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780025 Articles

Share this story