सिवनीः सेतु निर्माण से समुद्र राजा महाराज तक आवागमन होगा सुगम एवं सुरक्षित -राज्य मंत्री लोधी

WhatsApp Channel Join Now
सिवनीः सेतु निर्माण से समुद्र राजा महाराज तक आवागमन होगा सुगम एवं सुरक्षित -राज्य मंत्री लोधी


सिवनी, 15 जनवरी(हि.स.)। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के छपारा विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पीपरढाना में मुख्यमंत्री अवसंरचना योजना के तहत 97.72 लाख रुपये की लागत से ठेल नदी से समुद्र राजा महाराज तक पहुँच मार्ग पर बनने वाले बहुप्रतीक्षित पुल निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने गुरुवार को किया।

राज्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनजातीय अंचलों के सर्वांगीण विकास के लिए सतत कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री अवसंरचना योजना के अंतर्गत इस पुल का निर्माण क्षेत्रवासियों की वर्षों पुरानी मांग को पूरा करेगा। उन्होंने कहा कि सेतु निर्माण से जनजातीय समाज के आराध्य देव समुद्र राजा महाराज तक आवागमन सुगम एवं सुरक्षित होगा। यह पुल आस्था, संस्कृति और विकास को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण माध्यम सिद्ध होगा।

सांसद भारती पारधी ने कहा कि यह पुल क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक महत्व का कार्य है। जनजातीय समाज की धार्मिक आस्था और जीवनशैली को ध्यान में रखते हुए किया गया यह विकास कार्य आने वाली पीढ़ियों के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार हेतु किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

विधायक दिनेश राय ने कहा कि यह पुल लंबे समय से क्षेत्रवासियों की मांग थी, जो आज साकार हुई है। पुल निर्माण से स्थानीय निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को नई गति प्राप्त होगी। उन्होंने इस कार्य के लिए सभी जनप्रतिनिधियों एवं शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रवि सनोदिया

Share this story