मध्य प्रदेश में सर्दी का असर हुआ तेज, 7 शहरों में 10 से नीचे तापमान, 3 दिन बारिश का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में सर्दी का असर हुआ तेज, 7 शहरों में 10 से नीचे तापमान, 3 दिन बारिश का अलर्ट


मध्य प्रदेश में सर्दी का असर हुआ तेज, 7 शहरों में 10 से नीचे तापमान, 3 दिन बारिश का अलर्ट


- करौंदी में पारा 7.2 डिग्री पर पहुंचा

भोपाल, 20 नवम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में सर्दी का असर लगातार तेज हो रहा है। कटनी के करौंदी में न्यूनतम तापमान गिरकर 7.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जबकि भोपाल और जबलपुर समेत प्रदेश के सात शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने ठंड के बीच 20 से 22 नवंबर तक प्रदेश के कुछ जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई है।

उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का असर मध्य प्रदेश में भी दिखाई देने लगा है। उत्तर दिशा से आ रही ठंडी हवाओं के कारण रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में ठंड का असर बना रहेगा। इसी बीच बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवाती तूफान के प्रभाव से अगले तीन दिनों तक कुछ इलाकों में मौसम बदल सकता है।

पचमढ़ी से भी ठंडे रहे भोपाल और जबलपुर

प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके मुकाबले भोपाल और जबलपुर में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे रहा। कटनी के करौंदी में सबसे कम 7.2 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। अन्य शहरों की बात करें तो दमोह और खजुराहो में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री, मलाजखंड में 10.1, रायसेन में 10.5, दतिया में 10.8, मंडला में 11, नौगांव में 11.2, ग्वालियर में 11.5, सतना में 11.7 और सागर में 11.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा छिंदवाड़ा, गुना, श्योपुर, सीधी, धार, उज्जैन, नरसिंहपुर, टीकमगढ़, इंदौर, सिवनी और बैतूल में भी रात का तापमान 15 डिग्री से नीचे रहा।

20 से 22 नवंबर तक आंधी-बारिश की संभावना

मौसम विभाग के मुताबिक, बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान 'अकवान' के असर से 20 से 22 नवंबर तक प्रदेश के कुछ जिलों में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि, तूफान के कमजोर पड़ने के कारण भारी बारिश की आशंका नहीं जताई गई है।

20 नवंबर को मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी, अनूपपुर, मंडला, सिवनी और बालाघाट में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। 21 नवंबर को रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी और मंडला में आंधी-बारिश हो सकती है। वहीं, 22 नवंबर को रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, उमरिया, शहडोल, डिंडौरी और अनूपपुर में बारिश की संभावना जताई गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780135 Articles

Share this story