अनूपपुर: जनसुनवाई में पारिवारिक विवाद में पत्नी ने उपहार लौटाने की मांग की

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: जनसुनवाई में पारिवारिक विवाद में पत्नी ने उपहार लौटाने की मांग की


अनूपपुर, 30 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिला मुख्यालय के कलेक्ट्रेट कार्यालय में मंगलवार को साप्ताहिक जनसुनवाई में शिकायतें मिली, जिनमें से एक महिला ने पति द्वारा साथ रखने से इनकार करने पर उपहार सामग्री वापस दिलाने की गुहार लगाई।

वहीं एक सरपंच ने प्राथमिक स्कूल परिसर से अतिक्रमण हटाने की मांग सहित मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी ने 78 आवेदनों पर जनसुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निराकरण करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में डिप्टी कलेक्टर कमलेश पुरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भी आवेदकों की समस्याएं सुनी।

पुष्पराजगढ़ जनपद पंचायत के खेतगांव से आई सोनिया सिंह धुर्वे ने बताया कि उनका विवाह 28 मई 2019 को ग्राम खेतगांव, थाना करनपठार निवासी निरंजन सिंह से हुआ था। विवाह के लगभग एक साल बाद उनके पति ने उन्हें साथ रखने से मना कर दिया। ग्राम पंचायत खेतगांव में समझौता बैठक भी हुई, जिसमें पति ने उन्हें रखने से इनकार कर दिया, जिसका पंचनामा भी बनाया गया। महिला का आरोप है कि पति और उसके परिजन शादी के समय दिए गए उपहार (दहेज) को नहीं लौटा रहे हैं, जिसमें बाइक और अन्य घरेलू सामान शामिल हैं।

दूसरी ओर, पुष्पराजगढ़ के गोंदी से आए सरपंच और ग्रामीणों ने खसरा नंबर 171/1 रकबा 4 एकड़ 84 डिसमिल जमीन पर अतिक्रमण का मुद्दा उठाया। इस भूमि पर प्राथमिक पाठशाला भवन बना हुआ है, जिसके आसपास कुछ लोगों ने पुनः कब्जा कर लिया है। ग्रामीणों ने बताया कि पूर्व में प्रशासन द्वारा यह अतिक्रमण हटाया गया था, लेकिन बाद में फिर से कब्जा जमा लिया गया। अतिक्रमण के कारण भवन निर्माण का कार्य रुका हुआ है।

सरपंच ने आरोप लगाया कि अतिक्रमकारियों को मध्य प्रदेश शासन द्वारा 5 एकड़ का भूमिहीन पट्टा दिया गया था, जो अब बढ़कर 10-12 एकड़ तक अतिक्रमण के रूप में फैल गया है। ग्रामीणों द्वारा पिछले छह माह से लगातार अतिक्रमण हटाने के लिए आवेदन दिए जा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। सरपंच ने चेतावनी दी है कि यदि तीन दिन के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो स्थानीय विधायक के नेतृत्व में आंदोलन किया जाएगा।

78 आवेदनों पर जनसुनवाई

जिला स्तरीय जनसुनवाई मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी ने 78 आवेदनों पर जनसुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निराकरण करने के निर्देश दिए। जिसमे ग्राम गुंवारी, तहसील जैतहरी के निवासी भगवान दीन राठौर ने बोरवेल खनन की अनुमति प्रदान किए जाने, बनगवां, तहसील कोतमा के निवासी जयराम पनिका ने मकान क्षतिग्रस्त होने पर सहायता राशि स्वीकृत किए जाने, तथा पुरानी बस्ती, वार्ड क्रमांक-6, कोतमा के निवासी कृष्ण पाल सिंह ने गरीबी रेखा सूची में नाम जोड़े जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया। इसी प्रकार ग्राम पारसवार, तहसील अनूपपुर के निवासी छोटेलाल सिंह ने सीसीसी ऋण योजना का लाभ प्रदान किए जाने, तथा ग्राम खालेदूधी, तहसील पुष्पराजगढ़ की निवासी ओमवती ने विधवा पेंशन स्वीकृत किए जाने एवं गरीबी रेखा सूची में नाम जोड़े जाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। इसके अतिरिक्त, ग्राम खाड़ा, तहसील अनूपपुर के निवासी शंकर लाल बैगा ने जनमन योजना के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराए जाने, ग्राम देवहरा, तहसील अनूपपुर के निवासी संत राम चौधरी ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ प्रदान किए जाने, ग्राम कांसा, तहसील अनूपपुर के निवासी संत लाल यादव ने बंधवा टोला स्थित तालाब की मेढ़ का जीर्णोद्धार कराए जाने तथा ग्राम खालेदूधी, तहसील पुष्पराजगढ़ के निवासी चैन सिंह ने गरीबी रेखा सूची में नाम जोड़े जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story