आगरमालवा में गेहूं खरीदी शुरू, मंडी प्रांगण में किसानों का सम्मान

WhatsApp Channel Join Now
आगरमालवा में गेहूं खरीदी शुरू, मंडी प्रांगण में किसानों का सम्मान


आगरमालवा, 09 अप्रैल (हि.स.)। रबी विपणन मौसम 2026-27 के तहत जिले में समर्थन मूल्य पर गेहूं खरीदी का कार्य गुरुवार से प्रारंभ हो गया। मध्‍य प्रदेश के आगरमालवा जिले के ग्राम तनोड़िया स्थित मंडी प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर प्रीति यादव ने तौल-कांटे का विधिवत पूजन कर खरीदी कार्य का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर गेहूं लेकर पहुंचे किसानों—मुकेश गुर्जर (गेहूंखेड़ी), राजेंद्र सिंह राठौर (गुंदीकला), नारायणलाल परमार एवं शंभूसिंह राठौर (तनोड़िया)—का फूल-माला पहनाकर सम्मान किया गया।

प्रशासन के अनुसार जिले में गेहूं उपार्जन का कार्य 09 अप्रैल से 05 मई 2026 तक किया जाएगा। इसके लिए कुल 42 खरीदी केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जहां किसानों से समर्थन मूल्य पर गेहूं की खरीदी की जाएगी।

इसके अलावा जिला आपूर्ति अधिकारी मनोहरलाल मालवीय, प्रभारी उपायुक्त सहकारिता आर.एस. जरिया, नोडल अधिकारी जिला सहकारी केंद्रीय बैंक रविंद्र शर्मा, जिला प्रबंधक एमपीडब्ल्यूएलसी दुर्गेश जाट, कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी एन.एस. मुवेल एवं उपार्जन केंद्र प्रभारी संजय विश्वकर्मा सहित संबंधित अधिकारी भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रितेश शर्मा

Share this story