मध्य प्रदेश में 15-16 अक्टूबर को फिर बदलेगा मौसम, ग्वालियर-चंबल समेत 9 जिलों में बारिश के आसार

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में 15-16 अक्टूबर को फिर बदलेगा मौसम, ग्वालियर-चंबल समेत 9 जिलों में बारिश के आसार


भोपाल, 13 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई के बाद भी बारिश का दौर पूरी तरह थमा नहीं है। 15 और 16 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी, गरज-चमक और बारिश की संभावना जताई गई है। इसका असर ग्वालियर, चंबल और सागर संभाग के नौ जिलों में देखने को मिल सकता है। हालांकि, 13 और 14 अक्टूबर को मौसम साफ रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक, ग्वालियर, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर में बारिश हो सकती है। दूसरी ओर, भोपाल और इंदौर सहित कई शहरों में रात के समय ठंडक बनी रहेगी, जबकि दिन में धूप और गर्मी का असर रहेगा। उज्जैन और जबलपुर समेत अन्य शहरों में भी इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है। सोमवार को पहले सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण का असर खत्म हो गया। अब उत्तर भारत में सक्रिय हो रहे पश्चिमी विक्षोभ और नए चक्रवाती सिस्टम के कारण प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

जून से सितंबर तक चले दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान प्रदेश में कुल 908.4 मिलीमीटर यानी 35.8 इंच बारिश दर्ज की गई। यह सामान्य औसत 949.5 मिलीमीटर यानी 37.3 इंच से करीब 1.5 इंच कम है। इस तरह प्रदेश में कुल बारिश सामान्य से लगभग 4 प्रतिशत कम रही। क्षेत्रवार आंकड़ों के मुताबिक, पूर्वी मध्य प्रदेश में सामान्य से 4 प्रतिशत अधिक बारिश हुई, जबकि पश्चिमी हिस्से में औसत से 12 प्रतिशत कम पानी गिरा। पूर्वी क्षेत्र के जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में बारिश का आंकड़ा सामान्य से 4 प्रतिशत अधिक रहा।

फिलहाल प्रदेश में दिन और रात के तापमान में अंतर बना रहने की संभावना है। दिन में गर्मी और रात में ठंडक के बीच अगले दो-तीन दिनों में नए मौसम सिस्टम के असर से ग्वालियर-चंबल सहित कुछ जिलों में बारिश हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759831 Articles

Share this story