अनूपपुर: बदला मौसम बारिश के साथ गिरे ओल, फसलों को नुकसान की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: बदला मौसम बारिश के साथ गिरे ओल, फसलों को नुकसान की आशंका


अनूपपुर: बदला मौसम बारिश के साथ गिरे ओल, फसलों को नुकसान की आशंका


अनूपपुर, 18 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में बुधवार को मौसम में बदलाव से कुछ क्षेत्रों में चिलचिलाती धूप और तपती दोपहरी से थोड़ी राहत मिली। छाए बादलों के बाद बुधवार शाम को अचानक मौसम बदल गया।

कोतमा और भालूमाड़ा सहित ग्रामीण क्षेत्र पयारी और कदमटोला में शाम बारिश के साथ ओले गिरे। इससे मौसम में ठंडक घुल गई, लेकिन किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गई हैं। शुरुआत में हल्की बूंदाबांदी हुई, लेकिन देखते ही देखते छोटे-छोटे ओले गिरने लगे। करीब दो-तीन मिनट तक तेज ओले गिरे और फिर बारिश होती रही। यह पूरा सिलसिला लगभग 5-6 मिनट चला और फिर थम गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिन प्रदेश सहित जिले में राहत भरा मौसम रहने वाला है। और दिन—रात के तापमान में गिरावट रहेंगी।

फसलों को नुकसान का डर

इस बेमौसम बारिश और ओलों से किसानों को भारी नुकसान का डर सता रहा है। खेतों में गेहूं की फसल पककर तैयार खड़ी है। इसके अलावा, इस बार आम के पेड़ों पर अच्छे बौर आए थे, जिन्हें नुकसान पहुंचा है। महुआ के फूल झड़ने से भी ग्रामीण परेशान हैं।

कृषि विभाग का आकलन

कृषि उपसंचालक कैलाश मगर ने बताया कि मटर, अलसी, सरसों और अरहर जैसी दाल वाली फसलों को कुछ नुकसान हो सकता है। इनमें से ज्यादातर फसलें पक चुकी हैं और कई जगह कटाई भी हो गई है, लेकिन जो फसलें अभी भी खेत में हैं, उन पर खतरा है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story