पश्चिम मध्य रेल और बैंक ऑफ इंडिया के बीच एमओयू, कर्मचारियों,पेंशनर्स को मिलेंगी बेहतर बैंकिंग सुविधाएं
जबलपुर, 20 अगस्त (हि.स.)।
पश्चिम मध्य रेल मुख्यालय, जबलपुर और बैंक ऑफ इंडिया के बीच गुरुवार को महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते का उद्देश्य रेलवे के अधिकारियों, कर्मचारियों और पेंशनर्स को रेलवे सैलरी पैकेज के तहत बेहतर और उन्नत बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
पश्चिम मध्य रेल के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी एस.डी. पाटीदार की उपस्थिति में उप मुख्य कार्मिक अधिकारी (मानव संसाधन विकास) पूर्णिमा जैन और बैंक ऑफ इंडिया के अधिकारी ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
सैलरी पैकेज के तहत मिलेंगे बैंकिंग लाभ एमओयू के तहत बैंक ऑफ इंडिया द्वारा पश्चिम मध्य रेल में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ पेंशनर्स को रेलवे सैलरी पैकेज के अंतर्गत उपलब्ध विभिन्न बैंकिंग सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी दी गई।
इससे कर्मचारियों और पेंशनर्स को अपनी बैंकिंग जरूरतों के लिए अधिक सुविधाजनक सेवाएं मिलने की उम्मीद है।
रेल प्रशासन के अनुसार, यह समझौता कर्मचारियों और पेंशनर्स को बेहतर बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के साथ उनके वित्तीय सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम में अधिकारी-कर्मचारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में उप मुख्य कार्मिक अधिकारी (राजपत्रित) राहुल श्रीवास्तव, उप मुख्य कार्मिक अधिकारी (औद्योगिक संबंध) संजय कुमार, सहायक कार्मिक अधिकारी किशोर कुमार बोरासी सहित कार्मिक विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
पश्चिम मध्य रेल की ओर से कहा गया कि कर्मचारियों और पेंशनर्स के कल्याण तथा उन्हें बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। बैंक ऑफ इंडिया के साथ हुआ यह समझौता भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

