सरसई-भांडेर मुख्य मार्ग पर जलभराव से आवागमन प्रभावित, ग्रामीणों ने नाली निर्माण की उठाई मांग
दतिया, 22 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया जिले के भांडेर विकासखंड के ग्राम सरसई में सरसई-भांडेर मुख्य मार्ग पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से लगातार जलभराव की स्थिति बनी हुई है। करीब 800 मीटर तक सड़क पर पानी जमा रहने से मार्ग क्षतिग्रस्त हो गया है और जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। इससे राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार बारिश के दौरान मुख्य मार्ग पर पानी भर जाता है। वहीं वर्षभर सड़क के दोनों ओर बने मकानों का गंदा पानी भी नाली के अभाव में सड़क पर ही जमा रहता है। लगातार जलभराव के कारण सड़क की स्थिति खराब होती जा रही है। सबसे अधिक समस्या जनपद सदस्य करण सिंह यादव (राधे) के मकान से छोटी माता मंदिर तक के मार्ग पर बनी हुई है, जहां जल निकासी की कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं है। कई मकानों के आसपास भी पानी भरने की स्थिति बन रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पर पानी भरे रहने से गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे विशेषकर रात के समय दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का दावा है कि आए दिन लोग गड्ढों में गिरकर घायल हो रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
जनपद सदस्य करण सिंह यादव ने बताया कि इस संबंध में कई बार भांडेर तहसीलदार, एसडीएम तथा दतिया कलेक्टर को आवेदन देकर नाली निर्माण और जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र नाली निर्माण एवं जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराए जाने की मांग की है, ताकि आवागमन सुचारु हो सके और संभावित दुर्घटनाओं से बचाव हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

