भोपाल में 830 निजी कॉलोनियों की जलापूर्ति और वसूली निजी कंपनी के हवाले करने की तैयारी

WhatsApp Channel Join Now
भोपाल में 830 निजी कॉलोनियों की जलापूर्ति और वसूली निजी कंपनी के हवाले करने की तैयारी


भोपाल, 25 नवंबर (हि.स.)। राजधानी भोपाल की करीब 830 निजी कॉलोनियों में पानी की सप्लाई, पाइपलाइन का रखरखाव और जलकर वसूली की जिम्मेदारी अब निजी कंपनी को सौंपने की तैयारी है। नगर निगम इसके लिए गजानंद सिक्योरिटी फोर्स प्राइवेट लिमिटेड को जिम्मेदारी देने की प्रक्रिया में है। हालांकि, इस प्रस्ताव को लेकर राजनीतिक और कर्मचारी संगठनों ने विरोध शुरू कर दिया है। कांग्रेस ने फैसले पर सवाल उठाते हुए इसे आम जनता पर आर्थिक बोझ डालने वाला कदम बताया है।

दावा किया जा रहा है कि नगर निगम से 17 रुपये प्रति हजार लीटर की दर से मिलने वाला पानी निजी एजेंसी के माध्यम से रहवासियों तक 20 से 22 रुपये में पहुंचेगा। इससे उपभोक्ताओं को प्रति हजार लीटर पानी पर तीन से पांच रुपये अतिरिक्त चुकाने पड़ सकते हैं। बुधवार को कांग्रेस पार्षद दल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस फैसले का विरोध किया। इसके बाद नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर प्रस्ताव निरस्त करने और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि जब निगम के जलकार्य विभाग में करीब 1200 कर्मचारी कार्यरत हैं, तो फिर पानी की आपूर्ति और वसूली का काम निजी कंपनी को क्यों सौंपा जा रहा है।

नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शबिस्ता जकी ने आरोप लगाया कि जलकर वसूली और पानी की व्यवस्था निजी कंपनी के हाथों में सौंपकर निगम आम जनता की जेब पर बोझ डालने जा रहा है। उन्होंने कहा कि एमआईसी ने 13 अक्टूबर 2026 को प्रस्ताव पारित किया, जबकि इसके लिए टेंडर 24 जून को ही जारी कर दिया गया था।

कांग्रेस का दावा है कि इस मामले को नगर निगम परिषद के सामने नहीं रखा गया और पर्याप्त अनुभव नहीं रखने वाली कंपनी को जिम्मेदारी देने की तैयारी है। पार्षदों ने आरोप लगाया कि पानी का शुल्क 250 रुपये से बढ़ाकर 700 रुपये किया जा रहा है। कांग्रेस ने प्रस्ताव निरस्त करने, संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच कराने और निगम के अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

इधर, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने बताया कि कांग्रेस पार्षद दल की ओर से मिले ज्ञापन में बल्क कनेक्शन के बाद कॉलोनियों में व्यक्तिगत नल कनेक्शन देने के लिए एजेंसी के चयन और उसकी शर्तों की जांच की मांग की गई है। मामले को संज्ञान में लिया गया है। सभी वैधानिक और नीतिगत पहलुओं का परीक्षण करने के बाद ही उचित निर्णय लिया जाएगा।

अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल किसी एजेंसी को सीधे काम नहीं सौंपा गया है। पूरी प्रक्रिया रहवासी संगठनों की आपसी सहमति पर निर्भर करेगी। यदि रहवासी संगठन सहमत नहीं होते हैं तो उन पर कोई दबाव नहीं बनाया जाएगा। ज्ञापन में उठाए गए सभी बिंदुओं की जांच के बाद आगे की कार्रवाई तय होगी।

वहीं, निगम के जलकार्य विभाग में पहले से करीब 1200 कर्मचारी कार्यरत हैं। इसके बावजूद निजी एजेंसी को जिम्मेदारी देने की तैयारी पर कर्मचारी संगठन ने भी सवाल उठाए हैं। कर्मचारी नेता अशोक वर्मा ने कहा कि ठेका प्रथा से निगम के मौजूदा कर्मचारियों की भूमिका प्रभावित होगी। संगठन ने ठेका निरस्त करने की मांग करते हुए आंदोलन की चेतावनी दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजू विश्वकर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783090 Articles

Share this story