अनूपपुर: जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सभी नागरिक आगे आऐ-जिपं अध्यक्ष प्रीति सिंह

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सभी नागरिक आगे आऐ-जिपं अध्यक्ष प्रीति सिंह


अनूपपुर: जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सभी नागरिक आगे आऐ-जिपं अध्यक्ष प्रीति सिंह


अनूपपुर, 19 मार्च (हि.स.)। जीवन में जल बहुत ही महत्वपूर्ण व आवश्यक है जल संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सभी नागरिकों को आगे आना होगा जल स्रोतों के पुनर्जीवन के लिए सभी के समन्वित प्रयास की आवश्यकता है।

यह बात मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की जिला पंचायत की अध्यक्ष प्रीति रमेश सिंह ने गुरुवार को जनपद पंचायत जैतहरी के ग्राम पंचायत बकेली में गुरूवार को जल गंगा संवर्धन अभियान के जिला स्तरीय कार्यक्रम में जोरहा तालाब जीर्णोद्धार कार्य (15वां वित जनपद स्तर लागत 4 लाख) के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों, तालाबों में जल सहेजने के प्रयासो में नागरिक अपनी जिम्मेदार भूमिका का निर्वहन करें तभी सरकार और प्रशासन के प्रयासों को बल मिलेगा।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अनूपपुर की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पार्वती वाल्मीकि राठौर, जनपद पंचायत जैतहरी के अध्यक्ष राजीव सिंह, उपाध्यक्ष मनोज राठौर, जनपद पंचायत सदस्य मनोरमा सिंह, सत्यनारायण फुककू सोनी, सुनील एक्का, सरपंच ग्राम पंचायत बकेली सोहन सिंह, उप सरपंच यशवंत सिंह, सरपंच केल्हौरी रामपाल सिंह लहरू, सरपंच मेडियारास रतन रौतेल, सरपंच बरबसपुर बिसाहूलाल रौतेल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधी ग्रामीण जन,सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति रमेश सिंह ने कहा कि जनसंचय से ही प्रकृति संरक्षण को बल मिलता है। उन्होंने सभी से अभियान में सहभागिता निभाने और जल स्रोतों के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु अपना-अपना योगदान देने का आव्हान किया।

जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी ने कहा की प्रदेश सरकार द्वारा पिछले दो वर्षों में जल गंगा संवर्धन अभियान का प्रदेश में सफल क्रियान्वन किया गया है इसे दृष्टिगत रखते हुए जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत समाज की भागीदारी और विभिन्न सहभागी विभागों की समेकित पहल से मुख्यतः जन जागरूकता, नवीन जल संग्रहण संरचनाओं के निर्माण, भूजल संवर्धन, पूर्व से मौजूद जल संग्रहण संरचनाओं की साफ-सफाई व मरम्मत नवीनीकरण, जल गुणवत्ता परीक्षण, जल स्रोतों में प्रदूषण के स्तर को कम करने जल स्रोतों तथा जल वितरण प्रणालियों की साफ-सफाई, राजस्व रिकॉर्ड में जल संग्रहण संरचना व नहरो को अंकित करने और मानसून में किए जाने वाले पौधारोपण हेतु आवश्यक तैयारी के कार्य प्राथमिकता पर किए जाने के संबंध में जानकारी दी गई उन्होंने कहा कि यह अभियान समाज और सरकार की साझेदारी से जल संरक्षण व संवर्धन का जन आंदोलन बने इस दिशा में सभी के सहयोग अपेक्षित है।

जिला पंचायत की उपाध्यक्ष ने कहा कि जल है तो कल है यही हमारा संकल्प है प्राकृतिक सौंदर्य जल पर ही निर्भर है जल संरक्षण के लिए सभी को संकल्पित भाव से कार्य करना होगा उन्होंने आने वाली पीढ़ी के लिए जल संचय की महत्वता को प्रतिपादित करते हुए जल संरक्षण और संवर्धन की दिशा में बेहतर प्रयास में सभी को सहभागी बनने का आवाहन किया।

जनपद पंचायत जैतहरी के अध्यक्ष ने कहा कि जल क्षमता का घटना चिंता जनक है जल की प्रत्येक बूंद को सहेजने की दिशा में हर नागरिक को सजग रहकर जल संरक्षण और संवर्धन पर कार्य करना होगा। उन्होंने अधिक से अधिक जल संरक्षण की संरचना को जीवंत बनाए रखने की दिशा में कार्य करने पर बल दिया।

जनपद सदस्य सत्यनारायण फुककू सोनी ने कहा कि बूंद बूंद से घड़ा भरता है अगर सभी सामूहिक जिम्मेदारी मानते हुए अपनी भूमिका निभाएं तो जल सहेजने और संचय के कार्य को गति मिलेगी और हम भविष्य के लिए अपनी पीढ़ी को बेहतर जल संरचनाएं हस्तनांतरित कर सकेंगे जिससे उनका जीवन खुशहाल होगा उन्होंने जल संरक्षण संवर्धन की दिशा में किया जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए प्रदेश सरकार के इस लोकव्यापी कार्यक्रम में सभी से सहभागिता की अपील की। मंचीय कार्यक्रम के पूर्व अतिथियों ने ग्राम बकेली के जोरहा तालाब में कलश पूजन किया तथा तालाब के जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Share this story