जल संरक्षण का संदेश लेकर सड़कों पर उतरा इंदौर, महापौर ने चलाई साइकिल, लोगों को दिलाई शपथ

WhatsApp Channel Join Now
जल संरक्षण का संदेश लेकर सड़कों पर उतरा इंदौर, महापौर ने चलाई साइकिल, लोगों को दिलाई शपथ


इंदौर, 03 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर में जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में रविवार को एक अनोखी पहल देखने को मिली। ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ के तहत नेहरू स्टेडियम से “क्लीन इंदौर, सेव वाटर साइक्लोथान” का आयोजन किया गया, जिसमें महापौर पुष्यमित्र भार्गव स्वयं साइकिल चलाकर लोगों को जल बचाने का संदेश देते नजर आए।

इस अवसर पर महापौर ने उपस्थित नागरिकों को जल संरक्षण की शपथ दिलाते हुए कहा कि शहर का भूमिगत जल स्तर लगातार गिर रहा है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए गंभीर संकट बन सकता है। उन्होंने चेताया कि यदि समय रहते जागरूकता नहीं बढ़ाई गई, तो भविष्य में पानी की भारी कमी का सामना करना पड़ सकता है।

“बढ़ती आबादी, घटता जल स्तर-चुनौती गंभीर”

महापौर ने बताया कि शहर की जनसंख्या अपेक्षा से कहीं तेजी से बढ़ी है। जो आंकड़े वर्ष 2030 के लिए अनुमानित थे, वे 2023 में ही पार हो चुके हैं। ऐसे में जल संसाधनों पर दबाव लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने नागरिकों से अपने घरों में रेनवॉटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने की अपील करते हुए कहा कि छोटे-छोटे प्रयास भी जल स्तर सुधारने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि देश में महंगे पानी के मामले में इंदौर दूसरे स्थान पर है, जहां पहले स्थान पर शिमला है। आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए महापौर ने नागरिकों से स्वच्छता फीडबैक में सक्रिय भागीदारी की अपील की, ताकि शहर अपनी नंबर वन की पहचान बनाए रख सके।

पिछले वर्षों में हुए जल संरक्षण के प्रयास

जलकार्य प्रभारी अभिषेक शर्मा ने बताया कि शहर में पिछले तीन वर्षों में जल संरक्षण के लिए व्यापक कार्य किए गए हैं। इसके तहत 500 से अधिक रिचार्ज संरचनाएं बनाई गई हैं, साथ ही कुओं, बावड़ियों और तालाबों के संरक्षण, गहरीकरण और सफाई का कार्य भी किया गया है।

युवाओं और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी

अपर आयुक्त आशीष पाठक के अनुसार, साइक्लोथान नेहरू स्टेडियम से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः वहीं समाप्त हुई। इस आयोजन में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक संगठनों और साइक्लिंग प्रेमियों ने हिस्सा लेकर जल संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story