मंदसौर में पट्टों की मांग लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे वार्डवासी, विरोध के बीच प्रशासन ने 10 पट्टे जारी किए
मंदसौर, 02 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मंदसौर में नगर पालिका के वार्ड क्रमांक 2 में पट्टे नहीं मिलने से नाराज क्षेत्रवासियों ने पार्षद प्रतिनिधि कमलेश सोनी लाला के नेतृत्व में मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्याएं रखीं।
बड़ी संख्या में पहुंचे रहवासियों ने प्रशासन से लंबित पट्टों का शीघ्र वितरण करने और पात्र लोगों को आवासीय पट्टे प्रदान करने की मांग की। कलेक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में पार्षद प्रतिनिधि कमलेश सोनी लाला ने बताया कि वार्ड क्रमांक 2 में बड़ी संख्या में गरीब एवं मजदूर वर्ग के परिवार निवास करते हैं। प्रशासन द्वारा समय-समय पर पात्र लोगों को रहने के लिए पट्टे दिए जाते हैं, लेकिन लंबे समय से वार्ड में पट्टों का वितरण नहीं हुआ है। कुछ समय पहले जारी हुई सूची में शामिल कई लोगों को भी अब तक पट्टे प्राप्त नहीं हुए हैं।
उन्होंने कहा कि पट्टा नहीं होने के कारण कई परिवारों को बिजली, पानी और अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस मुद्दे को लेकर वार्डवासियों में आक्रोश है और जनप्रतिनिधियों को लगातार लोगों के सवालों का सामना करना पड़ रहा है।
मामले की जानकारी मिलने पर विधायक विपिन जैन भी कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर वार्डवासियों की समस्या का शीघ्र समाधान करने की मांग की। विधायक ने कहा कि पात्र हितग्राहियों को समय पर पट्टे मिलना चाहिए ताकि उन्हें मूलभूत सुविधाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
जनसुनवाई के दौरान प्रशासनिक और नगर पालिका अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सुनवाई की। पार्षद प्रतिनिधि कमलेश के अनुसार प्रशासन ने मौके पर ही 10 पट्टे जारी कर दिए। उन्होंने कहा शेष पात्र लोगों को भी जल्द पट्टे उपलब्ध कराए जाने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अशोक झलोया

