जबलपुरः दिल्ली में जंतर-मंतर की घटना के विरोध में महाकौशल विधि छात्र संघ का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
जबलपुरः दिल्ली में जंतर-मंतर की घटना के विरोध में महाकौशल विधि छात्र संघ का प्रदर्शन, राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन


जबलपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को महाकौशल विधि छात्र संघ ने विरोध प्रदर्शन किया। संघ के अध्यक्ष अंकुश चौधरी के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने गांधी भवन टाउन हॉल से जिला कलेक्टर कार्यालय तक पैदल मार्च निकालकर अपना विरोध दर्ज कराया।

हाथों में तख्तियां और बैनर लिए सैकड़ों छात्र-छात्राएं नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने कलेक्ट्रेट के मुख्य द्वार पर बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। कलेक्ट्रेट परिसर के बाहर छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया और बाद में जिला कलेक्टर के माध्यम से भारत की राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ हुए कथित अमानवीय व्यवहार की निष्पक्ष जांच कराने, शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों को निलंबित करने तथा दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।

प्रदर्शन में महाकौशल विधि छात्र संघ के कार्यकर्ताओं के साथ वरिष्ठ एवं युवा अधिवक्ताओं ने भी भागीदारी की। इस दौरान अध्यक्ष अंकुश चौधरी, अधिवक्ता मोहित प्यासी, राहुल अगरिया, इमरान खान, सादिक खान, शुभाशीष मंडल, विनय सोनकर, सुरेंद्र शर्मा, अजय सोंधिया, अश्विनी यादव, शुभांशु सिंह, सौरभ सोनकर, गिरीश मराठा, राहुल झरिया, अनुज पटेल, रोहित गुप्ता, जोहेब खान, नितेश, विकास चौधरी, संतोष ठाकुर, सूफी अंसारी, पुष्पलता मार्को और रोहित सोनकर सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

संघ पदाधिकारियों ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन प्रत्येक नागरिक का अधिकार है और छात्रों की आवाज को बलपूर्वक दबाने का प्रयास स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

Share this story