राजगढ़ः वृद्धाश्रम में आगजनी-तोड़फोड़, कर्मचारी से मारपीट के बाद जीरापुर के पास छोड़ा

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः वृद्धाश्रम में आगजनी-तोड़फोड़, कर्मचारी से मारपीट के बाद जीरापुर के पास छोड़ा


राजगढ़, 26 अगस्त (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के खिलचीपुर थाना क्षेत्र में श्मशान परिसर स्थित वृद्धाश्रम में आगजनी और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। घटना में वृद्धाश्रम के एक हॉल में रखा कपड़ा, बिस्तर और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। आरोपितों ने अंदर बने तीन लेट-बाथरूम में भी तोड़फोड़ की। पुलिस ने बुधवार को मौका-मुआयना कर जांच शुरु कर दी है।

पुलिस के अनुसार वृद्धाश्रम और श्मशान की देखरेख करने वाले कर्मचारी रामभरोसे शर्मा ने शिकायत में बताया कि वह वृद्धाश्रम के हॉल में मौजूद थे। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और उनके साथ मारपीट करने लगे। आरोप है कि हमलावरों ने गैस उठाकर बिस्तर पर फेंक दी, जिससे आग लग गई। इसके बाद आरोपितों ने रामभरोसे के मुंह पर कपड़ा बांधा और उन्हें एक वाहन में बैठाकर जीरापुर के पास छोड़ दिया। रामभरोसे के मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर पुलिस ने उनकी तलाश की और उन्हें जीरापुर के पास से वापस खिलचीपुर लेकर आई। उन्होंने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले बाजार में भी कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की थी। उनका आरोप है कि इसी पुराने विवाद के चलते वृद्धाश्रम में आगजनी और तोड़फोड़ की गई। थाना प्रभारी कमलसिंह गहलोत सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामले में आरोपितों की पहचान और घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story