मध्य प्रदेश में पंचायत उपचुनाव के लिए मतदान जारी, रायसेन-खरगोन में बहिष्कार, समझाईश के बाद डाले वोट

WhatsApp Channel Join Now
मध्य प्रदेश में पंचायत उपचुनाव के लिए मतदान जारी, रायसेन-खरगोन में बहिष्कार, समझाईश के बाद डाले वोट


भोपाल, 29 सितम्बर (हि.स.) । मध्य प्रदेश में पंचायत उपचुनाव के लिए मंगलवार को रिक्त पदों पर मतदान हो रहा है। इस दौरान कुछ जगह विवाद की स्थिति भी बनी। रायसेन और खरगोन में ग्रामीणों ने सड़क, पुलिया और श्मशान तक रास्ते की मांग को लेकर वोटिंग का बहिष्कार किया, हालांकि समझाईश के बाद मतदान शुरू हुआ।

प्रदेश में पंचायत के पंच, सरपंच, जनपद पंचायत और जिला पंचायत सदस्य के कुल 4,235 पदों पर उपचुनाव होना था। इनमें 604 पदों पर उम्मीदवार निर्विरोध चुने जा चुके हैं, जबकि कई पदों पर नामांकन दाखिल नहीं हुए। कुछ पद न्यायालय की रोक के कारण चुनाव प्रक्रिया से बाहर हैं। अब 4 पंच, 79 सरपंच और 5 जिला पंचायत सदस्य पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है।

इधर, खरगोन जिला पंचायत वार्ड-19 के चुनाव में गोपालपुरा पंचायत के नवलपुरा गांव में ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया। ग्रामीण सड़क, श्मशान तक रास्ता और पुलिया बनाने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में आने-जाने के लिए पक्की सड़क नहीं है। श्मशान तक भी रास्ता नहीं बनाया गया है। बारिश के दौरान नाले पर पुलिया नहीं होने से आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जाता है।

निर्वाचन टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को मतदान के लिए समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे मतदान के लिए तैयार नहीं हुए। हालांकि 606 मतदाताओं वाले इस मतदान केंद्र पर दोपहर 2 बजे तक सिर्फ 16 वोट पड़े। तहसील के जावदा बूथ पर भी ग्रामीणों ने सड़क की मांग को लेकर मतदान का विरोध किया। हालांकि बाद में वहां मतदान शुरू हो गया। रायसेन में भी ग्रामीणों ने सड़क, पुलिया और श्मशान तक रास्ते जैसी मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर मतदान का बहिष्कार किया। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। बाद में समझाईश के बाद मतदान शुरू हुआ।

आलीराजपुर जिले के सोण्डवा विकासखंड में पंचायत उपचुनाव के तहत 9 मतदान केंद्रों पर दोपहर 1 बजे तक 6,811 में से 3,200 मतदाताओं ने वोट डाले। इस तरह कुल 46.98 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा मतदान माध्यमिक शाला भवन ओझड़-1 केंद्र पर 57.25 प्रतिशत रहा। इसके बाद ओझड़-4 में 54.65 प्रतिशत, ओझड़-3 में 51.68 प्रतिशत और उमराली-1 में 51.28 प्रतिशत मतदान हुआ। अन्य केंद्रों पर मतदान प्रतिशत 37.29 प्रतिशत से 45.68 प्रतिशत के बीच रहा।

मऊगंज जिले में पंचायत उपचुनाव के लिए दोपहर 1 बजे तक कुल 46.65 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। नईगढ़ी में 50.38 प्रतिशत और हनुमना में 45.24 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। आगर-मालवा जिले के सुसनेर में नगर परिषद अध्यक्ष पद के उपचुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहा। दोपहर 1 बजे तक यहां 49.64 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

3 अक्टूबर से शुरू होगी मतगणना

पंचायत उपचुनाव में सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य और जिला पंचायत सदस्य पदों की मतगणना 3 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से विकासखंड मुख्यालय पर होगी। सरपंच और जनपद पंचायत सदस्य पदों के परिणाम इसी दिन घोषित किए जाएंगे। वहीं जिला पंचायत सदस्य और पंच पदों के परिणाम 5 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story