दतिया उपचुनाव: सुबह 10 बजे तक हुई 16.33 प्रतिशत वोटिंग, मतदान केंद्रों पर लगीं लंबी कतारें

WhatsApp Channel Join Now
दतिया उपचुनाव: सुबह 10 बजे तक हुई 16.33 प्रतिशत वोटिंग, मतदान केंद्रों पर लगीं लंबी कतारें


दतिया उपचुनाव: सुबह 10 बजे तक हुई 16.33 प्रतिशत वोटिंग, मतदान केंद्रों पर लगीं लंबी कतारें


भोपाल/दतिया, 30 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए गुरुवार सुबह 7 बजे से शांतिपूर्ण माहौल में मतदान जारी है। सुबह 10 बजे तक 16.33 प्रतिशत मतदान हो चुका है। शुरुआती घंटों में तकनीकी खराबी के चलते तीन केंद्रों पर ईवीएम बदली गईं, वहीं लखनपुर गांव में सड़क की मांग को लेकर ग्रामीणों ने बहिष्कार का प्रयास किया, जिसे अधिकारियों ने समझाइश देकर खत्म कराया।

दतिया विधानसभा क्षेत्र में लोकतंत्र के इस पर्व को लेकर मतदाताओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। सुबह से ही शहरी और ग्रामीण इलाकों के मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें लग गईं। हालांकि, मतदान शुरू होने से ठीक पहले तीन मतदान केंद्रों पर ईवीएम में तकनीकी समस्या आई। मतदान केंद्र क्रमांक 186 पर वीवीपैट, केंद्र 108 पर बैलेटिंग यूनिट और केंद्र 290 पर कंट्रोल यूनिट में खराबी आई, जिन्हें मॉक पोल के दौरान राजनीतिक दलों के एजेंटों की मौजूदगी में तुरंत बदल दिया गया। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी स्वप्निल वानखेड़े ने बताया कि सभी उपकरणों को समय रहते बदलने के बाद निर्धारित समय पर शांतिपूर्ण ढंग से मतदान प्रक्रिया प्रारंभ करा दी गई।

मतदान के दौरान बसई क्षेत्र के ग्राम लखनपुर में ग्रामीणों ने मुख्य सड़क निर्माण की पुरानी मांग को लेकर चुनाव बहिष्कार का ऐलान किया और सड़क नहीं तो वोट नहीं के नारे लगाए। मतदान बहिष्कार की खबर मिलते ही एसडीएम अशोक अवस्थी तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद करीब 50 ग्रामीणों ने केंद्र पर पहुंचकर अपना वोट डाला। उधर, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मंजीत सिंह चावला ने संवेदनशील और अति-संवेदनशील मतदान केंद्रों का जायजा लिया।

भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने मतदान से पूर्व प्रसिद्ध मां पीतांबरा पीठ मंदिर में पूजा-अर्चना की और फिर मतदान केंद्र क्रमांक 158 पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। दूसरी ओर, कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह ने अपना वोट डालने के बाद ऐतिहासिक जीत का दावा किया। प्रदेश के पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे। उल्लेखनीय है कि जिले के 291 मतदान केंद्रों पर कुल 2 लाख 20 हजार 400 मतदाता प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला कर रहे हैं, जिसके लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Share this story