सागर: मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन हेतु बैठक संपन्न, राजनीतिक दलों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
सागर: मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन हेतु बैठक संपन्न, राजनीतिक दलों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी


सागर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, सागर जिले में फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 का कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप जीआर के मार्गदर्शन में शनिवार को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की उपस्थिति में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया गया।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के प्रमुख राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची की प्रतियां और सांख्यिकीय डेटा सौंपा गया।

अपर कलेक्टर कक्ष में आयोजित इस बैठक में सागर जिले के मान्यता प्राप्त दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए, जिनमें प्रमुख रूप से: शैलेन्द्र सिंह तोमर (जिला प्रभारी, इंडियन नेशनल कांग्रेस) रामेश्वर नामदेव (जिला प्रभारी, भारतीय जनता पार्टी) एस.पी. चौधरी (अध्यक्ष, बहुजन समाज पार्टी) पुष्पेन्द्र सिंह राजपूत (जिला उपाध्यक्ष, आम आदमी पार्टी)उपस्थित प्रतिनिधियों को जिले की सभी विधानसभाओं की फोटोयुक्त मतदाता सूची और फोटो रहित सीडी/डीवीडी प्रदान की गई।

अपर कलेक्टर ने बैठक के दौरान 23 दिसंबर 2025 (प्रारूप प्रकाशन) और 21 फरवरी 2026 (अंतिम प्रकाशन) के बीच हुए अंतर को स्पष्ट किया। उन्होंने बताया कि इस अवधि में कितने नए नाम जोड़े गए (परिवर्धन), कितने नाम हटाए गए (निरसन) और किन प्रविष्टियों में सुधार (संशोधन) किया गया है।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यद्यपि अंतिम प्रकाशन हो चुका है, लेकिन पात्र मतदाता अभी भी अपना नाम सूची में दर्ज करा सकते हैं।

• अर्हता तिथियाँ: जो नागरिक 01 अप्रैल, 01 जुलाई या 01 अक्टूबर 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर रहे हैं, वे अग्रिम रूप से आवेदन कर सकते हैं।

• ऑनलाइन माध्यम: मतदाता voters.eci.gov.in या Voter Helpline App (VHA) के जरिए घर बैठे आवेदन कर सकते हैं।

• महत्वपूर्ण फॉर्म: * प्ररूप-6: नया नाम जुड़वाने के लिए।

• प्ररूप-7: नाम विलोपन (हटाने) के लिए।

• प्ररूप-8: जानकारी में सुधार या स्थानांतरण के लिए.

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

Share this story