वोट चोरी नहीं हो रही, जनता ने चोरों को वोट देना बंद किया : नरोत्तम मिश्रा

WhatsApp Channel Join Now
वोट चोरी नहीं हो रही, जनता ने चोरों को वोट देना बंद किया : नरोत्तम मिश्रा


राहुल गांधी के चुनाव आयोग और वोट चोरी के आरोपों पर पूर्व गृह मंत्री ने किया पलटवार

भोपाल/शिवपुरी, 27 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने राहुल गांधी के चुनाव आयोग और वोट चोरी के आरोपों पर पलटवार किया है। रविवार को ब्राह्मण समाज के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे डॉ. मिश्रा ने पत्रकारों से चर्चा में कहा कि वोट चोरी नहीं हो रही है, बल्कि देश की जनता जागरूक हो गई है और उसने चोरों को वोट देना बंद कर दिया है। उन्होंने राहुल गांधी से अपने आरोपों को लेकर देश की जनता से माफी मांगने की मांग की।

डॉ. मिश्रा ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस 90 से अधिक चुनाव हार चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी साख बचाने और नेतृत्व पर सवाल उठने से बचने के लिए राहुल गांधी समय-समय पर नए मुद्दे लेकर आते हैं। कभी हाइड्रोजन बम की बात होती है तो कभी सुतली बम की, लेकिन अंत में उनके आरोप बेअसर साबित होते हैं।

उन्होंने कहा कि अब राहुल गांधी वोट चोरी के लिए एसआईआर को जिम्मेदार बता रहे हैं। डॉ. मिश्रा के मुताबिक, इससे पहले राहुल गांधी ईवीएम के जरिए वोट चोरी होने के आरोप लगाते रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगातार आरोप लगाकर देश में भ्रम की स्थिति पैदा की गई और इसके लिए राहुल गांधी को जनता से माफी मांगनी चाहिए।

पूर्व गृह मंत्री ने कहा कि चुनाव में जनता का फैसला ही अंतिम होता है। उनके अनुसार, राहुल गांधी को यह समझना चाहिए कि वोट चोरी नहीं हो रहे हैं, बल्कि मतदाता अपने विवेक से मतदान कर रहे हैं और उन्होंने कांग्रेस को वोट देना बंद किया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Share this story