राजगढ़ः विप्र सेना स्थापना दिवस पर परशुराम मंदिर परिसर में हुआ पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प

WhatsApp Channel Join Now
राजगढ़ः विप्र सेना स्थापना दिवस पर परशुराम मंदिर परिसर में हुआ पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प


राजगढ़, 19 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में विप्र सेना के स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को ब्राह्मण समाज ब्यावरा ने परशुराम मंदिर परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में समाजजनों ने अधिक से अधिक पेड़ लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प लेते हुए प्रकृति संरक्षण को सामाजिक जिम्मेदारी बताया।

विप्र सेना के छह वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरे मध्यप्रदेश में एक साथ वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। इसी कड़ी में ब्यावरा में भी श्रद्धा और उत्साह के साथ पौधे रोपे गए। वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता है और प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका पालन- पोषण करना चाहिए।

कार्यक्रम में गोशरण भक्त मंडल के संस्थापक सतीश नागर, विप्र सेना के जिला अध्यक्ष पं. द्वारका प्रसाद आचार्य, गिरिराज बालाजी, दीपक नायक, संतोष अवस्थी, मुरारीलाल शर्मा, बृजेश त्रिवेदी, संतोष मिश्रा, नंदकिशोर शर्मा तथा मंडल अध्यक्ष हेमराज तिवारी सहित ब्राह्मण समाज के अनेक वरिष्ठजन और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लेते हुए समाज के लोगों से भी अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। आयोजन के अंत में पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित एवं स्वच्छ वातावरण तैयार करने का संदेश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक

Share this story