मैहर में पिकअप-ट्रक की भीषण भिड़ंत, दोनों चालकों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
मैहर में पिकअप-ट्रक की भीषण भिड़ंत, दोनों चालकों की मौत


मैहर, 17 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर शनिवार दोपहर भेड़ा गांव के पास पिकअप और ट्रक की आमने-सामने की भीषण भिड़ंत हाे गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालकों की माैके पर ही मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। पिकअप चालक का शव केबिन में फंस गया, जिसे निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान देवधरा निवासी 22 वर्षीय राज चौरसिया और खोंदिरा निवासी 36 वर्षीय जंग बहादुर लोधी के रूप में हुई है। राज पिकअप चला रहे थे, जबकि जंग बहादुर ट्रक के चालक थे। पुलिस ने दोनों शवों को अस्पताल की मर्चुरी में रखवाकर मामले की जांच शुरू कर दी है। इधर, जवान बेटे की मौत की खबर सुनकर एक चालक के पिता की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल मैहर में भर्ती कराया गया है।

अमरपाटन से लौटते समय हुआ हादसा

जानकारी के मुताबिक, राज चौरसिया शनिवार सुबह पिकअप में सामान लेकर अमरपाटन गए थे। दोपहर करीब 12:30 बजे वे वापस लौट रहे थे। इसी दौरान भेड़ा गांव के पास सामने से आ रहे सीमेंट के पाइप से लदे ट्रक से उनकी पिकअप की टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रक ढोला फैक्ट्री की ओर जा रहा था। प्रारंभिक जानकारी में ट्रक के गलत दिशा से आने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।

टक्कर के बाद दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। पिकअप चालक राज चौरसिया का शव केबिन में फंस गया था। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद केबिन काटकर शव को बाहर निकाला। इसके बाद दोनों चालकों के शव एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाए गए।

बेटे की मौत की खबर सुनकर बिगड़ी पिता की तबीयत

राज चौरसिया की मौत की खबर मिलते ही उनके 55 वर्षीय पिता रामावतार चौरसिया सदमे में आ गए और बेसुध होकर गिर पड़े। परिजन उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल मैहर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है। जवान बेटे की अचानक मौत से परिवार में शोक का माहौल है।

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। यह भी जांच की जाएगी कि टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसकी लापरवाही रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762612 Articles

Share this story