जबलपुर : सिहोरा में पथराव के बाद स्थिति पटरी पर लौट रही, चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात
जबलपुर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। मध्यप्रदेश के जबलपुर जिले के सिहोरा में शनिवार को घटना के तीसरे दिन स्थिति सामान्य हो चली है। गुरुवार की रात्रि में मंदिर की आरती और नमाज के दौरान दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद पथराव से क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी। घटना के दूसरे दिन भी माहौल संवेदनशील बना रहा। पथराव में शामिल आरोपितों को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश करने के दौरान हिंदू संगठनों के लोगों की भीड़ एकत्र हो गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ना पड़ा। इस दौरान शुक्रवार की शाम कुछ समय के लिए क्षेत्र में पुनः तनावपूर्ण माहौल निर्मित हो गया।
इस घटना का असर आम जनजीवन पर भी पड़ा। प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों में परीक्षा का पहला पेपर होने के कारण छोटे-छोटे बच्चों को भय के वातावरण में स्कूल पहुंचकर परीक्षा देनी पड़ी। अभिभावकों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल देखा गया।
स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा स्वयं मौके पर डटे रहे और लगातार पुलिस बल को दिशा-निर्देश देते रहे। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया तथा चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है। एडिशनल एसपी सहित वरिष्ठ अधिकारी लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
वहीं, पथराव की घटना के तीसरे दिन शनिवार सुबह सिहोरा में स्थिति सामान्य होती दिखाई दी। लोग अपने रोजमर्रा के कार्यों के लिए घरों से निकलने लगे और सुबह तक लगभग आधा बाजार खुल चुका था। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है तथा असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

