अनूपपुर: जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों का धरना चक्काजाम, चेतावनी कार्य शुरू नहीं हुआ तो पुन: होगा आंदोलन
अनूपपुर, 16 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के बिजुरी में राष्ट्रीय राजमार्ग 43 से अडानी के छतई थर्मल पावर प्लांट तक जाने वाली बेलिया छोट-निगवानी पीएमजीएसवाय सड़क की खस्ताहाली को लेकर बुधवार को जिला पंचायत सदस्य रामजी मिश्रा रिंकू की अगुवाई में ग्रामीणों ने हुंकार भरते हुए भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी और सड़क किनारे अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए।
वहीं जिला प्रशासन ने 18 सितंबर से सड़क मरम्मत करने के आश्वासन पर आंदोलन स्थगित किया गया। आंदोलनकारियों ने कहां कि अगर सड़क मरम्मत कार्य शुरू नहीं किया गया तो पुन: आंदोलन होगा।
प्रदर्शन की खबर मिलते ही बिजुरी थाना पुलिस, एसडीएम टीआर नाग और आसपास के थानों का बल मौके पर पहुंचा। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर चक्काजाम खुलवाने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण और जनप्रतिनिधि सड़क सुधार की लिखित और ठोस गारंटी पर अड़े रहे। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच वाहनों को रोकने को लेकर तीखी बहस भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने सवाल उठाया कि जिन भारी वाहनों के पास इस मार्ग से गुजरने का वैध परमिट नहीं है, वे यहां से कैसे निकल रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यह सड़क कई गांवों को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग है। भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे आए दिन बड़े हादसों का खतरा बना रहता है। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि पूर्व में भी प्रशासन को ज्ञापन देने के बाद पैचवर्क शुरू हुआ था, लेकिन काम को बीच में ही अधूरा छोड़ दिया गया और नियमित मेंटेनेंस का वादा पूरा नहीं हुआ। प्रदर्शनकारियों ने मौके पर मौजूद एसडीएम कोतमा को ज्ञापन सौंपते हुए चेतावनी दी है कि जब तक सड़क का मरम्मत कार्य खत्म नहीं हो जाता, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों ने सड़क को जल्द दुरुस्त कराने का आश्वासन दिया है।
जिला पंचायत सदस्य रिंकू रामजी मिश्रा का कहना हैं कि बेलिया छोटे गांव को राष्ट्रीय राजमार्ग 43 से जोड़ती है जो की बिजुरी शहर और शहर से लगे लगभग 20 ग्राम पंचायत का मुख्य मार्ग है। भारी वाहनों के चलने के कारण क्षमता से अधिक गाड़ियों के कारण यह रोड पूरी तरह से टूट गई है। साथ ही नगारा बांध या कोठी से लेकर उमरा तक पूरी रोड टूट चुकी है। सिंगल रोड है प्रधानमंत्री सड़क है जिसमें ओवरलोड गाड़ियां जो कंपनी की बड़ी-बड़ी लंबी लंबी गाड़ियां आ रही है जिनके आवागमन से रोड भी टूटी है प्लस छोटे वाहन आम आदमी का आने-जाने में बहुत दिक्कत जा रही है। जिसे लेकर हम लोगों ने लगातार संघर्ष करते हुए मांग की हैं कि इसका सुधार कर दिया जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

