अनूपपुर: एक माह से अंधेरे में टेडगी टोला के ग्रामीण, बिजली कटौती से फसलें सूखने की कगार पर

WhatsApp Channel Join Now
अनूपपुर: एक माह से अंधेरे में टेडगी टोला के ग्रामीण, बिजली कटौती से फसलें सूखने की कगार पर


अनूपपुर: एक माह से अंधेरे में टेडगी टोला के ग्रामीण, बिजली कटौती से फसलें सूखने की कगार पर


अनूपपुर, 05 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले की ग्राम पंचायत पयारी नंबर-1 के टेडगी टोला में पिछले एक माह से विद्युत आपूर्ति ठप है। बिजली गुल होने से जहां ग्रामीण अंधेरे में रहने को मजबूर हैं, वहीं किसानों की सिंचाई व्यवस्था भी पूरी तरह प्रभावित हो गई है।

विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग को लेकर गुरुवार को आक्रोशित ग्रामीण मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के कोतमा वितरण केंद्र स्थित सहायक एवं कनिष्ठ यंत्री कार्यालय पहुंचे और अधिकारियों को शिकायती पत्र सौंपा।

ग्रामीणों के अनुसार, अधिकारियों ने कहा कि गांव के सभी उपभोक्ताओं द्वारा बकाया बिजली बिल जमा करने के बाद ही विद्युत आपूर्ति बहाल की जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि गांव के 20 उपभोक्ताओं पर बिजली बिल बकाया था, जिनमें से 9 उपभोक्ताओं ने राशि जमा कर दी है।

सिंचाई और पेयजल संकट गहराया

बिजली बंद होने का सबसे अधिक असर किसानों पर पड़ रहा है। विद्युत आपूर्ति नहीं होने से सिंचाई पंप और मोटरें बंद पड़ी हैं, जिसके कारण खेतों में सिंचाई नहीं हो पा रही है। पानी के अभाव में फसलें सूखने की कगार पर पहुंच रही हैं। वहीं, गांव में पेयजल की समस्या भी गंभीर होती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से बिजली बंद रहने के कारण उनका जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

शिकायत के बाद भी समाधान नहीं होने का आरोप

ग्रामीणों का आरोप है कि स्थानीय विद्युत कर्मचारियों और अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए प्रभावी कदम नहीं उठाए गए। एक माह से जारी इस संकट के कारण ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल लाइनमैन भेजकर विद्युत लाइन की जांच कराई जाए और यदि कोई तकनीकी खराबी है तो उसे दुरुस्त कर जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल की जाए, ताकि किसानों की फसल और ग्रामीणों की दैनिक जरूरतें प्रभावित होने से बच सकें।

विद्युत विभाग के कनिष्ठ यंत्री लालमणि प्रजापति ने कहा कि ग्रामीणों ने विद्युत बकाया बिल जमा नहीं किया है जिससे आपूर्ति बंद की गई है, विद्युत बिल जमा कर दें तो विद्युत आपूर्ती बहाल कर दी जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772807 Articles

Share this story